
Deoghar: देवघर-सारवां रोड स्थित कुंडा थाना से महज सौ मीटर की दूरी पर सदर अस्पताल जाने वाले रास्ते के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने मारपीट कर एक व्यक्ति से 75 हजार की कीमत का सोने का चेन सहित पांच हजार नगद की छिनतई कर ली। घटना को जहां अंजाम दिया गया है वह नगर थाना की सीमा पर पड़ता है। घटना सोमवार की अहले सुबह 3.45 बजे के आसपास की बताई जाती है।

पीड़ित करनीबाग निवासी राजकुमार सिन्हा ने बताया कि वह सारठ सीएसची में एक्सरे टेक्नीशियन का काम करता है। बताया कि वह अपने पैतृक घर बोकारो से अहले सुबह बस से उतरा था। बस पड़ाव से रिक्शा लेकर करनीबाग स्थित डेरा जा रहा था। उसी दौरान कुंडा थाना स्थित सदर अस्पताल मोड़ के पहुंचा पीछे से पल्सर पर सवार तीन बदमाशों ने आगे आकर रिक्शा को रोक दिया।

रिक्शा के रुकते ही तीनो उसके साथ मारपीट करने लगे। गले से 75 हजार की कीमत का सोने का चेन, पॉकेट में रखे पांच हजार नकद और बैग भी छीन लिया। बताया कि बैग में सरकारी कागजात के साथ बैंक का पासबुक और कपड़ा था। छिनतई करने के बाद तीनों बाइक पर सवार होकर वापस उसी रोड से भाग गए। उन्होंने पहले इसकी शिकायत कुंडा थाना में किया। उसके बाद कुंडा पुलिस घटना स्थल पहुंची तो उसे बताया कि यह नगर थाना क्षेत्र में पड़ता है। जिसके बाद वे नगर थाना पहुंचे जहां आवेदन देकर इस बावत शिकायत किया। आवेदन लेकर नगर पुलिस पड़ताल में जुट गई है।


