
Deoghar: मंगलवार को देवघर पहुंचे अपर मुख्य सचिव, स्वास्थ्य, चिकित्सा, शिक्षा एवं परिवार कल्याण सचिव अरुण कुमार सिंह की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री जन आरोग्य एवं डिजिटल हेल्थ मिशन को लेकर प्रमंडलीय समीक्षात्मक बैठक का आयोजन विकास भवन के सभागार में आयोजित किया गया।

बैठक में स्वास्थ्य सचिव अरुण कुमार सिंह ने चिकित्सकों को निर्देश दिया कि अपने ड्यूटी पर निर्धारित समय पर उपस्थित रहें, वरना कड़ी कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि संथाल परगना में लोगो को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा और लोगो का अधिक-से-अधिक झुकाव सरकारी अस्पतालों की ओर हो इसको लेकर सभी सरकारी चिकित्सक अपने निर्धारित समय में सरकारी अस्पताल में रहे। कोई भी डॉक्टर्स/स्वास्थ्यकर्मी अपने निर्धारित समय में अनुपस्थित पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ विधि सम्मत कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश सम्बंधित अधिकारीयों को दिया।

आगे उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य होना चाहिए कि अधिक से अधिक लोगो को बेहतर सरकारी स्वास्थ्य सुविधा मिले और यह तभी संभव होगा जब हम अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी ईमानदारी से करेंगे। बैठक में उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री, संथाल परगना के सभी सिविल सर्जन और सरकारी तथा निजी अस्पताल के चिकित्सक एवं संबंधित विभाग के अधिकारी आदि उपस्थित थे।
बैठक में स्वास्थ्य सचिव द्वारा विश्वप्रसिद्ध श्रावणी मेला-2022 के आयोजन होने पर श्रद्धालुओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिले इसके लिए विस्तृत चर्चा किया गया। अपर सचिव अरुण सिंह ने कहा कि श्रावणी मेला के दरम्यान श्रद्धालुओं को स्वास्थ्य सुविधा मुहैया करानेको लेकर हमे अभी से डॉक्टर्स एवं स्वास्थ्यकर्मी, पारामेडिकल स्टाफ, एम्बुलेंस, ट्रामा सेंटर, एमरजेंसी सेंटर्स आदि को दुरुस्त करना होगा, ताकि श्रद्धालुओं को उच्च गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध करायी जा सके।
आगे उन्होंने संथाल परगना में स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि हम सभी को एक टीम भावना के साथ मिलकर एक अच्छे माहौल में कार्य करना होगा तभी हम आम जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मुहैया करा पाएंगे। साथ ही उन्होंने सभी को संबोधित करते हुए कहा कि अगर जिले में स्वास्थ्य संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या हो तो 14555 अथवा 104 फोन पर कर सकते हैं। राज्य स्तर पर गठित टीम के द्वारा उचित समाधान किया जाएगा।
बैठक में स्वास्थ्य सचिव अरुण कुमार सिंह द्वारा संथाल परगना में आयुष्मान भारत के तहत लाभुकों को मिल रही सेवाओं के अद्यतन स्थिति से अवगत हुए एवं सभी चिकित्सकों एवं निजी अस्पतालों के संचालकों को निदेशित करते हुए कहा कि लोगो को बेहतर सुविधा बिना कार्य में कोताही बरतते हुए करें।


