
Deoghar: छह जून को मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन (Chief Minister Hemant Soren) देवघर आ रहे हैं। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में राज्यस्तरीय मुख्यमंत्री रोजगार सृजन को लेकर वृहत कार्यक्रम का आयोजन केकेएन स्टेडियम किया जाना है। जिसको लेकर देवघर जिला प्रशासन द्वारा तमाम दुरुस्त व्यवस्था की जा रही है।

देवघर उपायुक्त सह जिला दण्डाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री और पुलिस अधीक्षक सुभाष चन्द्र जाट द्वारा मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के राज्य स्तरीय कार्यक्रम में आगमन को लेकर के के एन स्टेडियम में चल रही तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान डीसी द्वारा विधि व्यवस्था व सुरक्षा व्यवस्था के अलावा चल रहे तैयारियों को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व उचित दिशा-निर्देश दिया गया।

निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने गर्मी को देखते हुए पेयजल, पंडाल में बैठने की व्यवस्था विकास मेला को लेकर लगाये गये स्टॉल व आवश्यक सभी सुविधाओं के साथ बिजली, शौचालय सहित अन्य सभी तैयारियों को सुनिश्चित मानक के साथ पूर्ण करने का निदेश दिया। आगे उन्होंने केकेएन स्टेडियम के समीप पार्किंग को लेकर सर्राफ स्कूल के पिछले परिसर व क्लब ग्राउंड परिसर का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया। साथ ही देवघर परिसदन में चल रहे मरम्मतिकरण के कार्यों का निरीक्षण करते हुए संबंधित विभाग के कार्यपालक अभियंता को आवश्यक व उचित दिशा निर्देश दिया गया।

इस दौरान उपरोक्त के अलावे उप विकास आयुक्त डॉ0 कुमार ताराचन्द, डीआरडीए निदेशक परमेश्वर मुण्डा, जिला जनसम्पर्क पदाधिकारी रवि कुमार, प्रभारी पदाधिकारी गोपनीय शाखा विवेक किशोर, कार्यपालक अभियंता भवन प्रमंडल देवनाथ देवेन्द्र नाथ, सहायक जनसम्पर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी एवं संबंधित विभाग के अधिकारी व कर्मी आदि उपस्थित थे।


