
Ranchi: विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) की ओर से तम्बाकू नियंत्रण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए राज्य तम्बाकू नियंत्रण कोषांग झारखंड को इस वर्ष का विश्व तम्बाकू निषेध दिवस पुरस्कार (World No Tobacco Day Award) देने का निर्णय लिया है। विश्व तम्बाकू निषेध दिवस के अवसर पर डब्ल्यूएचओ दुनियां के चुनिंदा संस्थाओं और व्यक्तियों को प्रतिवर्ष तम्बाकू नियंत्रण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान के लिए सम्मानित करता है।

राज्य के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता के कुशल नेतृत्व में किये गए सराहनीय कार्यों के मद्देनज़र इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार के लिए भारत से इस वर्ष झारखंड राज्य में तम्बाकू नियंत्रण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए “राज्य तम्बाकू नियंत्रण कोषांग, झारखंड” का चयन किया गया है।

बन्ना गुप्ता ने इस अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार के लिए राज्य तम्बाकू नियंत्रण कोषांग एवं सीड्स को बधाई दी है। साथ ही कहा कि उनके तम्बाकू नियंत्रण के लिए किए गए साकारात्मक प्रयास को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया है। यह सम्मान राज्य के प्रत्येक व्यक्ति को दिया गया है। क्योंकि आम जनता के सहयोग से ही यह संभव हो पाया है और मैं राज्य की जनता से आग्रह करूंगा की वो इसमें निरंतर सहयोग करते रहें ताकि तम्बाकू जनित रोगों से वे बचे रहें।
गुप्ता ने बताया कि राज्य तम्बाकू नियंत्रण कोषांग, झारखण्ड तकनीकी सहयोगी संस्था सोशियो इकानाॅमिक एण्ड एडुकेशनल डेवलाॅपमेंट सोसायटी (सीड्स) के साथ मिलकर पिछले एक दशक से तम्बाकू नियंत्रण कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए अनेक साकारात्मक प्रयास किए है।
स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अरूण कुमार सिंह ने कहा कि इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार के लिए राज्य स्वास्थ विभाग का प्रतिबद्ध प्रयास एवं तकनीकी सहयोगी संस्था सीड्स के इमानदार कार्यशैली का प्रतिफल है। इस अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार के लिए राज्य के प्रत्येक जनता को बधाई देता हूं । उन्होंने कहा कि यह पुरस्कार राज्य तम्बाकू नियंत्रण कोषांग, झारखण्ड को नहीं बल्की राज्य एवं जिला स्तर के सभी पदाधिकारीयों एवं कार्यकर्ताओं को दिया गया है। यह सम्मान राज्य के हर उस व्यक्ति का उत्साहवर्धन करेगा जिन्होंने तम्बाकू नियंत्रण में अपनी भूमिका निभाई है।


