गिरिडीह:
गांडेय थाना क्षेत्र के रकसकूटो निवासी प्रकाश मंडल की 19 वर्षीय पुत्री रिंकी कुमारी की मौत बुधवार को विषपान से हो गई। मृतका के परिजनों ने पुत्री के ससुराल वालों पर दहेज के लालच में जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है।
नवविवाहिता की मौत की खबर सुनते ही मायके में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। मृतका की मां ने गांडेय थाना पहुंचकर ससुराल वालों पर कानूनी कार्रवाई करने की गुहार लगाई। देर रात को मृतका का शव उसके मायके लाया गया।
जानकारी के अनुसार रकसकूटो निवासी प्रकाश मंडल ने अपनी 19 वर्षीय पुत्री रिंकी की शादी नारायणपुर थाना क्षेत्र के झिलुवा निवासी धनेश्वर मंडल के पुत्र विनोद मंडल से बीते 2 माह पूर्व की थी। इसी बीच मंगलवार रात को रिंकी की तबीयत खराब हो गई। ससुराल वालों ने गंभीर हालत में उसे इलाज के लिए पीएमसीएच धनबाद ले जा रहे थे कि विवाहिता ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। ससुराल वालों ने उसे पीएमसीएच में भर्ती कराया। इस दौरान चिकित्सक ने जांच के क्रम में उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर पुलिस प्रशासन के अस्पताल पहुंचते ही ससुराल वाले शव को लावारिस हालत में छोड़कर फरार हो गए। बाद में जानकारी पर मृतका के मायके से परिजन धनबाद अस्पताल पहुंचे। मृतका के पिता शव को पोस्टमार्टम करा कर रकसकूटो ले आए। साथ ही धनबाद थाना में फर्द बयान देकर पुत्री के ससुराल वालों पर दहेज प्रताड़ना के लिए जहर देकर जान से मारने का आरोप लगाया। वही इस संबंध में गांडेय थाना में भी आवेदन देने की बात बताई गई है।