
Dumka : अवैध कोयला खनन और परिवहन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए डीसी रविशंकर शुक्ला ने शुक्रवार को सात कोयला माफियाओं को एक महीने के लिए जिला बदर करने संबंधी आदेश पारित किया है।

पारित आदेश में कोयला माफिया के रूप में कलीमुद्दीन अंसारी, बगान हेंब्रम, बबई हेम्ब्रम, रुपाई मरांडी, ढ़ेना सोरेन, बबलू सोरेन और संजय मंडल का नाम शामिल हैं। इसमें से कलीमुद्दीन अंसारी को गिरफ्तार कर पुलिस दो दिन पहले ही जेल भेज चुकी है। इन सभी कोयला माफियाओं को 17 मई से 16 जून तक के लिए जिला बदर करने का आदेश जारी किया गया। सभी माफिया जिले के शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं।

डीसी के इस आदेश से माफियाओं में हड़कंप मच गया है। डीसी के ज्ञापांक 115/डीबी/9 मई 22 के तहत कोयला माफियाओं के खिलाफ झारखंड अपराध नियंत्रण अधिनियम 2002 की धारा 3 के प्रावधानों के अंतर्गत जिला बदर करने का आदेश निर्गत किया गया है।



