
SahibGanj: सोमवार की अहले सुबह राधानगर थाना क्षेत्र के पश्चिमी प्राणपुर पंचायत में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। चोरी के आरोप में एक 20 वर्षीय युवक को दर्जनों ग्रामीणों ने बारी-बारी से बांस के सहारे रस्सी से लटका कर बेरहमी से पिटाई की इसके बाद पुलिस के हवाले कर दिया।

इधर, आवेदक ऐजुल शेख के बयान पर राधानगर थाना पुलिस चोरी का मामला दर्ज कर छानबीन में जुट गई है। जानकारी हो कि आरोपी युवक को पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर उनको इलाज कर जेल भेजने की प्रक्रिया पूरी कर रहे थे।

थाना में दिए गए आवेदन में ऐजुल ने आरोप लगाया है कि रविवार के अहले सुबह घर से यह युवक मोबाइल व पर्स चोरी कर भाग रहा था। इसी बीच रमजान में सेहरी के लिए आवेदक के पत्नी ने कथित चोर को भागते हुए देख लिया। महिला के हल्ला करने पर आसपास के लोग जग गए और युवक का पीछा कर दबोच लिया। धराए युवक ने पुछने पर अपना नाम माबुद शेख बगल के गांव के रहने वाले बताया।
जानकारी हो कि थाना क्षेत्र के दियारा में आए दिन घर से नगद, सोने के जेवरात तथा मोबाइल फोन चोरी की घटना से लोग परेशान थे। परेशान गांव के लोग चोर के तलाश में थे कि अचानक चोर पकड़े जाने की सूचना गांव में आग की तरह फैल गई ।
गुस्साए ग्रामीणों ने पकड़े गए युवक को अर्द्धनग्न कर रस्सी के सहारे बांस पर लटका कर काफी देर तक बेरहमी से पिटाई कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि उसके पास से चुराए गए मोबाइल व अन्य सामान बरामद किया गया है।
थाना प्रभारी कुंदन कांत विमल ने बताया कि ग्रामीणों ने उक्त युवक को पुलिस को खुद सुपूर्द किया है। शिकायत पर चोरी का केस दर्ज कर लिया गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि पकड़े गए युवक के परिजनों ने भी थाना में आवेदन देकर उनके पुत्र को बेरहमी से पिटाई की शिकायत दर्ज की है। पुलिस हर पहलू पर जांच कर कार्रवाई करेंगे ।


