
Ranchi: झारखंड में पंचायत चुनाव (Panchayat elections in Jharkhand) लड़ने में उन महिलाओं को परेशानी आ रही हैं, जिनका मायका बिहार-यूपी में है। ऐसी महिलाएं जो बिहार, यूपी की हैं लेकिन शादी के बाद लंबे समय से झारखंड में ही निवास कर रही हैं, इन्हें नामांकन के वक्त जाति प्रमाण पत्र और आरक्षण संबंधी कागजात को लेकर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

इस संबंध में गुरुवार को विधायक दीपिका पांडेय सिंह (MLA Deepika Pandey Singh) ने राज्य निर्वाचन आयोग को पत्र लिखा है। उनसे ऐसी महिलाओं के नामांकन दाखिल करने के लिए जरूरी निर्देश जारी करने का आग्रह किया गया है। पत्र में विधायक ने कहा है कि झारखंड का गोड्डा जिला बिहार से सटा है। बिहार की लड़कियों की शादी झारखंड राज्य के गोड्डा जिले में खूब होती है।

झारखंड राज्य में विवाहित महिलाएं जो इस चुनाव में हिस्सा लेना चाहती हैं लेकिन उन्हें आरक्षण की सुविधा नहीं मिलने की बातों को बताते हुए नामांकन करने से रोका जा रहा है, जबकि जातिगत आरक्षण दोनों राज्यों में लागू है। वैसी स्थिति में नामांकन दाखिल करने के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी की जाये।



