Jamtada: बराकर नदी में गुरुवार की शाम हुए नाव हादसे के लगभग 40 घंटे बाद शनिवार को NDRF की टीम को सफलता मिली है। नदी से एक महिला का शव बरामद किया गया है। महिला की पहचान श्यामपुर निवासी रशीद अंसारी की पत्नी सहेला खातून के रूप में की गई है।
महिला की पहचान सहेला खातून के रूप में हुई है जो अपने पति और छोटी बहन के साथ धनबाद से जामताड़ा आ रही थी इस क्रम में नाव डूबने से तीनों लापता हो गए थे। सहेला की लाश बरामद हो गई है, लेकिन उसके पति एवं बहन का अभी तक पता नहीं लग पाया है। वहीं कुल 11 लोग अब तक लापता है। इस दरमियान एनडीआरएफ की टीम ने हादसे का शिकार नाव एवं एक मोटरसाइकिल को पानी से निकाल लिया है।
इधर, महिला की लाश मिलने के बाद ग्रामीण काफी आक्रोशित हो गए और मुआवजा की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। इस क्रम में आक्रोशित ग्रामीणों ने एंबुलेंस को घंटों रोक कर रखा और एंबुलेंस के शीशे भी तोड़ डाले। मौके पर पुलिस लोगों को समझाने बुझाने का काम कर रही है। वहीं घटना स्थल पर पहुंचे जामताड़ा के विधायक को भी आक्रोश का सामना करना पड़ा। लोगों ने इरफान अंसारी मुर्दाबाद के नारे भी लगाए।
ग्रामीणों का आरोप है अगर समय रहते ही अधूरा पुल बन जाता तो आज इतनी बड़ी दुर्घटना नहीं होती और 12 लोगों को जल समाधि नहीं लेना पड़ता। हालांकी इरफान अंसारी ने कहा कि मामले की जानकारी मुख्यमंत्री को दी है और मैंने मामले को सदन में भी उठाया है। उन्होंने कहा कि पुल का निर्माण जल्द पूरा होगा।
जानकारी हो कि गुरुवार की शाम बारिश और तेज हवा की वजह से धनबाद के निरसा से जामताड़ा की ओर लौट रही नाव बराकर नदी में डूब गई थी। दुर्घटना के बाद से ही NDRF की टीम ने रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया। जिसमें स्थानीय गोताखोर भी सहयोग करने में जुटे हुए है। जिला प्रशासन की ओर से हर संभव प्रयास किया जा रहा है। बचाव कार्य और लापता लोगों को ढूंढने के लिए लगभग 4 किलोमीटर रेडियस में मैपिंग कर अलग अलग टीम को लगाया गया है।
अब तक बरबेंदिया- वीरगांव नदी घाट के बीच हुए हादसे में डूबने वाले लोगों की वास्तविक संख्या का पता नहीं चल रहा है। प्रशासन कह रहा है कि हादसे के वक्त नाव में करीब 16 लोग सवार थे। इसमें से 5 लोगों के बारे में जानकारी मिल गई है। 4 लोग जिंदा बचे हैं। एक का शव बरामद किया गया है।
घटनास्थल पर जामताड़ा विधायक डॉक्टर इरफान अंसारी, SDPO , SDO , जामताड़ा थाना प्रभारी सहित कई लोग मौजूद है।