
Deoghar: बाबानगरी से हवाई उड़ान भरने का सपना अब देवघरवासी के लिए जल्द हकीकत में तब्दील होने जा रहा है। वो दिन दूर नहीं जब यहां से हवाई सेवा की शुरुआत हो। इस बात की जानकारी देवघर एयरपोर्ट के डायरेक्टर संदीप ढींगरा ने दी है।

जानकारी देते हुए संदीप ढींगरा ने बताया कि देवघर एयरपोर्ट से उड़ान भरने के लिए आधा दर्जन एयरलाइंस कंपनियों द्वारा सेवा देने की सहमति जताई गई है। जिसके लिए फ्लाइट की फ्रीक्वेंसी और स्लॉट तय किए जा रहे हैं। देवघर एयरपोर्ट से उड़ानों की सारी तकनीकी बिंदुओं पर अंतिम रूप में कार्य चल रहा है और इसे फाइनल टच दिया जा रहा है ताकि मंत्रालय से उद्घाटन के लिए हरी झंडी मिल सके।


डायरेक्टर ने कहा कि देवघर एयरपोर्ट के रनवे सहित टर्मिनल बिल्डिंग और एटीसी बिल्डिंग का कार्य पूरा कर लिया गया है। टर्मिनल बिल्डिंग में डिपार्चर और अराइवल सेंसर गेट भी लगाया गया है। अब इसे खूबसूरत लुक दिया जा रहा है। इसमें बाबा बैद्यनाथ धाम मंदिर की छवि दर्शाई गई है। इसके साथ ही पार्किंग और लार्ज एरिया सहित सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किये जा रहे हैं।

ऐसे में अब देवघर एयरपोर्ट से हवाई सेवा शुरू होने की जल्द उम्मीद की जा सकती है।


