
Gumla: नशे में धुत एक बेटे ने मां को सिर्फ इसलिए पीट-पीट कर मार डाला क्योंकि बेटे को दारू पिने के लिए पैसे नहीं मिले। यह घटना मंगलवार सुबह जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रामपुर बेरटोली गांव में हुई।

जानकारी के अनुसार सुबह करीब छह बजे सुबोध तिग्गा ने दारु पीने के लिए अपनी मां सोसन तिग्गा से पैसे मांगे। पैसे देने में आनाकानी करने पर मां बेटे के बीच तकरार होने लगी।

इसी बीच सुबोध गुस्से में आकर लाठी से अपनी मां की जमकर पिटाई कर दी। इस हमले में गंभीर रूप से घायल सोसन तिग्गा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद सुबोध गांव से फरार हो गया।
मृतका सोसन तिग्गा गांव में ही मजदूरी कर अपना परिवार चला रही थी। वह अपने नशेड़ी पति सुशील तिग्गा और बेटे सुबोध तिग्गा से काफी परेशान रहती थी । दोनों बाप-बेटे अक्सर नशे में धुत रहते हैं।
घटना की सूचना मिलते ही चैनपुर के थाना प्रभारी अमित कुमार चौधरी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और वस्तुस्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि आरोपित बेटे को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए गुमला भेज दिया है।


