
Deoghar: देवघर में नशे का कारोबार तेजी से बढ़ रहा है। जिसपर लगाम कसने के लिए देवघर पुलिस (Deoghar Police) भी एक्टिव है। इसी क्रम में बुधवार को देवघर पुलिस ने भारी मात्रा में गांजा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

बुधवार को देवघर एसडीपीओ पवन कुमार ने प्रेस वार्ता कर इस बात की जानकारी दी कि एसपी धनंजय कुमार सिंह को गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति द्वारा अवैध रूप से गांजा बिक्री करने का कार्य किया जा रहा है। इस आधार पर गठित पुलिस की टीम द्वारा थाना क्षेत्र के वीआईपी चौक के पास से छापेमारी कर अवैध रूप से गांजा की बिक्री करते हुए एक आरोपी को भारी मात्रा में गांजा के साथ गिरफ्तार किया गया है।

गिरफ्तार आरोपी गोपी सिंह नगर थाना क्षेत्र के सलौनाटांड़ का रहने वाला है। गिरफ्तार आरोपी के पास से पुलिस ने 250 ग्राम गांजा बरामद किया है। जबकि उसके घर से 4 किलो 300 ग्राम गांजा बरामद किया गया है।
मामले में आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट सहित अन्य धाराओं के तहत नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। एसडीपीओ ने बताया कि गोपी सिंह का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। साल 2017 में भी उसके पास से अवैध गांजा बरामद किया गया था। जिस मामले में वह पूर्व में जेल भी जा चुका है।


