
रिपोर्ट: नितेश कुमार
दुमका :

SPT Act के विरुद्ध षड्यंत्र करना बंद करो, जनजातिय परामर्शदातृ उप समिति वापस जाओ का बैनर लिए जेएमएम ने विशाल रैली निकाली.

मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय दुमका में हुई जनजातीय परामर्शदातृ उप समिति की बैठक का झामुमो ने जमकर विरोध किया. गैर जनजाति की जमीन को लेकर हुई बैठक के विरोध में झामुमो ने विशाल रैली निकाली. विरोध रैली में शिकारीपाड़ा विधायक नलिन सोरेन व सांसद प्रतिनिधि विजय कुमार सिंह, जिलाध्यक्ष सुभाष सिंह सहित सैंकड़ो कार्यकर्ता शामिल हुए. जिला परिषद कार्यालय के समीप से सैंकड़ो कार्यकर्ताओं ने रैली निकाली.

सभी का कहना था कि सरकार लोगों की राय लेकर एसपीटी एक्ट में संशोधन करना चाहती है. जनता को फिर से ठगने का सरकार प्रयास कर रही है. झामुमो सरकार की इस मंशा को सफल नहीं होने देगा. विधायक नलिन सोरेन ने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा इसका विरोध सदन से लेकर सड़क तक करेगी.
विरोध रैली को रोकने के लिए भारी संख्या में पुलिस बलों की तैनाती की गयी थी. प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं को पुलिस ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय के पास ही रोक दिया.

कैम्प कार्यालय के पास पूर्व से ही एसडीओ राकेश कुमार, डीएसपी 2 रोशन गुड़िया, साइबर डीएसपी श्रीराम सामद सहित दर्जनों की संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था. एसडीओ राकेश कुमार, डीएसपी रोशन गुड़िया और श्री राम समद ने सभी से बात की लेकिन कोई हटने को तैयार नहीं हुआ. रैली अनियंत्रित होते देख पुलिस ने प्रदर्शन करने वाले झामुमो विधायक नलिन सोरेन व सांसद प्रतिनिधि विजय कुमार समेत 93 कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर नगर थाना में रखा और शाम को सभी को बांड पर छोड़ दिया.



