
Deoghar: देवघर नगर थाना क्षेत्र और सारठ थाना क्षेत्र से देवघर पुलिस ने सात साइबर अपराधियों को अपनी गिरफ्त में लिया है। गिरफ्तार साइबर क्रिमिनल्स बैंक अधिकारी बन लोगों को अपनी बातों में फंसाते और बैंक डिटेल लेकर अकॉउंट से पैसे उड़ा लेते थे।

पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर देवघर नगर थाना क्षेत्र और सारठ थाना क्षेत्र के कपसा गांव में छापेमारी कर देवघर पुलिस ने सात साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अपराधियों में बिष्णु राणा, शिव कुमार राणा, अविनाश कुमार राणा, जगदीश यादव, किशन कुमार, उत्तम कुमार और प्रमोद कुमार पंडित शामिल है।

गिरफ्तार आरोपितों के पास से 16 मोबाइल, 22 सिम, दो एटीएम और एक पासबुक बरामद किया गया है।
साइबर थाना में आयोजित प्रेसवार्ता में साइबर डीएसपी सुमित प्रसाद ने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों में कुछ नगर थाना क्षेत्र के विलियम्स टाउन स्थित सुलेखा लॉज में भाड़े पर रहते थे और साइबर ठगी का कार्य किया करते थे।


