
Deoghar: देवघर में बालू माफिया बेखौफ होकर नदियों से बालू का उठाव कर रहे हैं। न तो उन्हें पुलिस का डर है ना ही प्रशासन का खौफ। दिन हो रात बेखौफ होकर शहर में अवैध बालू लाद ट्रैक्टर घूम रहे हैं।

हालांकि, पुलिस-प्रशासन व खनन विभाग द्वारा आए दिन अवैध बालू के कारोबारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। इसके बावजूद अवैध बालू का धंधा बंद होने का नाम नहीं ले रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को देवघर एसडीपीओ पवन कुमार द्वारा नगर थाना क्षेत्र के हदहदिया पूल के पास से एक अवैध बालू लदा ट्रैक्टर जब्त किया गया है।

दरअसल, देवघर एसडीपीओ हदहदिया पूल की ओर से कहीं जा रहे थे। उसी क्रम में उनकी नजर एक बालू लदे ट्रैक्टर पर पड़ी। एसडीपीओ ने ट्रैक्टर को रोककर बालू से संबंधित कागजात की मांग की। तो ट्रैक्टर चालक द्वारा बालू से संबंधित कोई वैद्य कागजात प्रस्तुत नहीं किया जा सका। जिसके बाद एसडीपीओ ने मामले की सूचना नगर थाना की पुलिस को दिया और ट्रैक्टर को जब्त करने का आदेश दिया। आदेश मिलने के बाद नगर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रैक्टर को जब्त कर लिया व उसे थाना ले आया गया।
पुलिस द्वारा मामले में आगे की कार्रवाई के लिए खनन विभाग को प्रतिवेदन तैयार कर भेजने की तैयारी की जा रही है। खनन विभाग के निर्देश पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


