रांची : मंगलवार को रांची पुलिस ने जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र से आधा दर्जन रेमडेसिविर इंजेक्शन के साथ 2 आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पुलिस पूछताछ कर रही है। संभावना है कि पुलिस को कई अहम जानकारी मिल सकती है।
बताया गया कि एसएसपी सुरेंद्र कुमार झा को गुप्त सूचना मिली थी कि राजधानी में कोरोना वैक्सीन की कालाबाजारी हो रही है। पुलिस को बांग्लादेश के इंजेक्शन की कालाबाजारी की जानकारी मिली। जानकारी मिलते ही एसएसपी ने पुलिस की विशेष टीम गठित की। विशेष टीम ने छापेमारी कर रांची के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के एक होटल से 2 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से 6 रेमडेसिवीर इंजेक्शन के अलावा एक कार और एक बाइक भी बरामद की है।
जानकारी के मुताबिक, 6 रेमडेसिवीर इंजेक्शन का सौदा करीब 4.50 लाख रुपये में हुआ था। लेकिन, इससे पहले ही रांची पुलिस को इसकी भनक लग गयी। गिरफ्तार युवकों से बरामद रेमडेसिविर इंजेक्शन बांग्लादेश का बताया जा रहा है।