
खूंटी: तोरपा थाना क्षेत्र में सोमवार को हुए सड़क हादसों में मरने वालों की संख्या दो से बढ़कर तीन हो गयी है। अपराह्न लगभग चार बजे धनबाद से राउरकेला जा रही गुप्ता बस की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल सेना के जवान सुनील कंडुलना की इलाज के दौरान मौत हो गयी।

वह भोपाल में पदस्थापित था और अपने भाई से मिलने बंडा जयपुर गांव गया था। रांची लौटने के दौरान वह बस की चपेट में कार गंभीर रूप से घायल हो गया था।
सड़क बनानी वाली कंपनी शिवलया पर हो कार्रवाई : सुदीप गुड़िया

खूंटी—सिमडेगा पथ पर तोरपा थाना क्षेत्र में लगातार हो रहे सड़क हादसों पर आक्रोश व्यक्त करते हुए झामुमो नेता और विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी सुदीप गुड़िया ने कहा कि इन हादसों के लिए सड़क का घटिया निर्माण है।
उन्होंने कहा कि कंपनी ने अपने दोष को छिपाने के लिए सड़क पर काफी मात्रा में केमिकल डाल दिया। इसके कारण सड़क चिकनी हो गयी और हल्की बारिश में भी सड़क में फिसलन होने लगती है।
उन्होंने कंपनी के खिलाफ कार्रवाई करने और सडक की फिर से मरम्मत कराने की मांग सरकार से की है। इधर, झामुमो के जिलाध्यक्ष जुबैर अहमद ने सोमवार को पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता से मुलाकात कर सड़क हादसों पर रोक लगाने के लिए समुचित उपाय करने की मांग की।


