
पेरिस

जापानी महिला टेनिस खिलाड़ी नाओमी ओसाका के फ्रेंच ओपन से हटने के एक दिन बाद, चेक टेनिस खिलाड़ी पेट्रा क्वितोवा ने टखने की चोट के कारण टूर्नामेंट से अपना नाम वापस ले लिया है।
क्वितोवा ने ट्वीट किया,” बहुत निराशा के साथ मैं रोलैंड गैरोस से हटने की घोषणा करती हूं। रविवार को मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस की तैयारियों के दौरान मैं गिर गई और मेरे टखने में चोट लगी। दुर्भाग्य से, एक एमआरआई और अपनी टीम के साथ चर्चा के बाद, मैंने कठिन निर्णय लिया है कि इस चोट के साथ खेलना नासमझी होगी। यह अविश्वसनीय रूप से दुर्भाग्यपूर्ण है, लेकिन मैं मजबूत रहूंगी और ग्रास-कोर्ट सीजन के लिए समय पर ठीक होने की पूरी कोशिश करूंगी।”
बता दें कि इससे पहले जापानी टेनिस खिलाड़ी ओसाका ने मानसिक स्वास्थ्य का हवाला देते हुए फ्रेंच ओपन से नाम वापस ले लिया और खुलासा किया कि 2018 में यूएस ओपन के बाद से उन्हें लंबे समय तक अवसाद का सामना करना पड़ा।
ओसाका ने ट्विटर पर एक बयान में कहा था,”सच तो यह है कि 2018 में यूएस ओपन के बाद से मुझे लंबे समय से डिप्रेशन का सामना करना पड़ा है और मुझे इससे उबरने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा है। जो कोई भी मुझे जानता है वह जानता है कि मैं अंतर्मुखी हूं, और जिसने भी मुझे टूर्नामेंट में देखा है, वह नोटिस करेगा कि मैं अक्सर हेडफोन पहनती हूं क्योंकि इससे मेरी सामाजिक चिंता कम हो जाती है।”
फ्रांसीसी टेनिस महासंघ के अध्यक्ष गाइल्स मोरेटन ने ओसाका के “जल्द से जल्द ठीक होने” की कामना की और कहा कि फ्रेंच ओपन अगले साल उनके होने का इंतजार कर रहा है।


