देवघर: रविवार की देर शाम देवघर नगर थाना क्षेत्र के मारवाड़ी कांवर संघ के पास से पुलिस ने अवैध हथियार के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एक स्कार्पियो से दोनों को गिरफ्तार किया गया है। जबकि, एक के फरार होने की भी जानकारी मिल रही है।
गिरफ्तार दोनों के पास से दो अवैध पिस्टल व जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। साथ ही एक स्कार्पियो वाहन को भी जब्त किया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार देर शाम पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ आपराधिक प्रवृत्ति के लोग स्कार्पियो से इधर-उधर घूम रहे हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम को देख तीन युवक गाड़ी से उतरकर भागने लगे। पुलिस ने खदेड़कर दो को पकड़ा। जबकि एक फरार होने में कामयाब रहा।
जब पुलिस द्वारा पकड़े गए आरोपियों की तलाशी ली गई तो दोनों के पास से दो अवैध पिस्टल सहित जिंदा कारतूस बरामद किया गया। पुलिस द्वारा दोनों को गिरफ्तार कर थाना ले आया गया है। आशंका व्यक्त की जा रही है कि ये किसी बड़े आपराधिक घटना को अंजाम देने के फिराक में थे।
बताया ये भी जा रहा कि मिना बाजार से मंदिर के आसपास तक बदमाशों ने फायरिंग भी की है। पुलिस ने कुछ खोखा भी बरामद किया है।
बताया जाता है कि गिरफ्तार आरोपियों में से एक का आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। वहीं, फरार एक अन्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।