
Ranchi: निलंबित आईएएस पूजा सिंघल (IAS Pooja Singhal) प्रकरण में बुधवार को ईडी ने प्रेम प्रकाश साहू के रांची, सासाराम और बनारस के ठिकानों पर छापेमारी की। रांची में अरगोड़ा चौक स्थित वसुंधरा अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 802, अशोक नगर के फिरालयाल नेक्स्ट के सामने ऑफिस में और हरमू हाउसिंग कॉलोनी स्थित घर शामिल है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश के वाराणसी और बिहार के सासाराम स्थित ठिकाने पर पहुंचकर ईडी छापेमारी कर रही है।

इस दौरान ईडी की टीम प्रेम प्रकाश साहू (Prem Prakash Sahu) को खोज कर हरमू स्थित आवास पर पहुंची है। जहां प्रेम प्रकाश से ईडी की टीम पूछताछ कर रही है। जो जानकारी सामने आ रही ईडी ने वसुंधरा अपार्टमेंट स्थित फ्लैट से कई कागजात और मोबाइल फोन बरामद किया है। जिसके बाद ईडी की टीम वसुंधरा अपार्टमेंट से वापस लौट आई।

जानकारी मिली कि छापेमारी के दौरान प्रेम प्रकाश अपने आवास पर नहीं थे। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार प्रेम प्रकाश झारखंड हाइकोर्ट के किसी वरीय अधिवक्ता से कानूनी सलाह ले रहे थे। वह अपने तीन सहयोगियों के साथ हाइकोर्ट के वरीय अधिवक्ता के यहां पहुंचे थे। फिलहाल ईडी की टीम प्रेम प्रकाश साहू को अपने साथ पूछताछ के लिए ले गयी है। जहां उनसे पूछताछ हो रही है।
गौरतलब है कि योजनाबद्ध तरीके से ईडी के अधिकारी बुधवार की दोपहर बाद प्रेम प्रकाश के आवास पर पहुंच गए। पूरे घर को सुरक्षा बलों ने घेर लिया है। किसी को अंदर से बाहर और बाहर से अंदर जाने की इजाजत नहीं है। प्रेम प्रकाश के घर की तलाशी ली जा रही है।



