गिरिडीह: केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री व भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अन्नपूर्णा देवी ने सूबे की हेमंत सरकार पर जमकर हमला बोला है। उन्होंने कहा है कि हेमंत सरकार सभी मोर्चे पर विफल है। सूबे की विधि व्यवस्था पूरी तरह से फेल है। राज्य में ट्रांसफर-पोस्टिंग को उद्योग बना दिया गया है। अधिकारी इससे परेशान हैं। जन आशीर्वाद यात्रा के समापन के बाद शुक्रवार को सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत कर रही थीं।
जन आशीर्वाद यात्रा से राज्य सरकार घबरा गई है: केन्द्रीय मंत्री
केन्द्रीय मंत्री ने दावा किया कि जन आशीर्वाद यात्रा से राज्य सरकार घबरा गई है। यही कारण है कि जगह-जगह यात्रा को विफल करने की कोशिश की गई। भाजपा कार्यकर्ताओं को परेशान किया गया। उन्होंने कहा कि जन आशीर्वाद यात्रा में जिस तरह से लोगों का समर्थन मिला है उससे साफ है कि जनता में सूबे की सरकार के खिलाफ भारी आक्रोश है। लोगों ने इस आक्रोश का प्रदर्शन आशीर्वाद यात्रा को समर्थन देकर किया है।
उन्होंने कहा कि देश भर की शिक्षा समवर्ती सूची में है। इसका अधिकांश भारत राज्य सरकार के अधिकार में आता है। इसलिए राज्य सरकार के साथ ही मिलकर हमें शिक्षा के विकास कार्यक्रमों को आगे बढ़ाना होगा। उन्होंने सभी लोगों से राष्ट्रीय शिक्षा नीति को और सफल बनाने और सर्वग्राही बनाने के लिए सुझाव मांगा और कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति को समग्रता में लागू किया जाएगा। इस शिक्षा नीति में कई बातें ऐसी हैं जो न सिर्फ छात्रों में शिक्षा के प्रति रूचि जगाएगी बल्कि इससे उनमें स्वरोजगार की वृत्ति भी उत्पन्न होगी। प्राथमिक शिक्षा भी स्थानीय भारतीय भाषाओं में ही दी जाएगी।