रामगढ़(झारखण्ड)

रामगढ़ जिला अंतर्गत गोला के कमता स्थित ब्रह्मपुत्रा मेटालिक प्राइवेट लिमिटेड में गुरुवार शाम करीब 4:30 बजे कीलन में विस्फोट हो गया। जिससे एक दर्जन से अधिक इंजीनियर झुलस गये।

घटना के बाद यहां अफरा-तफरी मच गयी। सभी घायलों को जैसे-तैसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और चितरंजन सेवा सदन, गोला पहुंचाया गया। जहां कई घायलों का प्राथमिक इलाज कर गंभीर स्थिति को देखते हुए रांची रेफर कर दिया गया।

इन घायलों में सदानंद मदान, इम्तियाज अंसारी, वशिष्ठ मिश्रा, संजय उपाध्याय, सोयेश, जी दास, अमित कुमार, धर्मेंद्र सिंह सहित कई शामिल है।
घायलों का चेहरा, पीठ, हाथ, पैर एवं शरीर जल गया है, जिससे वे लहूलुहान हो गये। बताया जाता है कि आयरन ओर को भुनने के दौरान उसका गोला कहीं फंस गया, जिसे निकालने के क्रम में कीलन में विस्फोट हुआ। इससे आग का गोला यहां काम कर रहे इंजीनियर के ऊपर आ गिरा, जिससे सभी बुरी तरह से झुलस गये। कई की स्थिति गंभीर बताया जा रही है।
इस संदर्भ में फैक्टरी प्रबंधक ने बताया कि कीलन में आयरन ओर का कुछ अंश फंस गया था। जिससे तकनीकी खराबी आ गयी थी। इसे ठीक करने के लिए कुछ इंजीनियर गये हुए थे। इस बीच कीलन में विस्फोट हो गया। उन्होंने बताया कि घायलों का इलाज रांची के देवकमल अस्पताल में किया जा रहा है। घटना की सूचना पुलिस दे दी गयी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



