
देवघर: जिले के रिखिया थाना क्षेत्र के भैरव टांड़ गांव स्थित तालाब से एक 21 वर्षीय युवक का शव बरामद हुआ है। शव की पहचान तारावाद गांव निवासी राहुल कुमार दास के रूप में हुई।

जानकारी के अनुसार राहुल दो भाइयों में बड़ा था, वो ट्यूशन पढ़ाकर अपने परिवार का जीवन यापन करता था। राहुल तीन दिनों से लापता था। जिसकी शिकायत पिता मुकेश दास ने रिखिया थाना में की थी। पुलिस खोजबीन कर ही रही थी। इधर, ग्रामीणों ने शुक्रवार सुबह तालाब में युवक का शव देखा।

सूचना पर रिखिया थाना की पुलिस घटना स्थल पर पहुंचे और शव को पानी से बाहर निकलवाया गया। मृत युवक के पॉकेट को से आधार कार्ड मिला। जिससे उसकी पहचान हुई। फिर सूचना पर परिजन भी घटना स्थल पर पहुंचे।
वहीं, परिजन बार-बार कह रहे थे कि किसी ने उनके बेटे की हत्या कर शव को छुपाने के मकसद से तालाब में फेंक दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। बाद में पोस्टमार्टम कराकर शव को परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस पुरे मामले की छानबीन कर रही है।


