
धनबाद: धनबाद के जिला एवं सत्र न्यायाधीश उत्तम आनंद मौत मामले में गिरफ्तार ऑटो चालक राहुल वर्मा और उसके सहयोगी लखन वर्मा को सोमवार की शाम धनबाद पुलिस ने जेल भेज दिया।

इससे पूर्व इन दोनों आरोपितों से एडीजी संजय आनंद लाटकर की अगुवाई में बने एसआईटी ने अलग-अलग कई तरीकों से पूछताछ की। बावजूद इसके एसआईटी को जज मौत मामले में अब तक कुछ खास हाथ नहीं लगा है।

न्यायाधीश मौत मामले में करीब एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी एसआईटी के हाथ खाली हैं। इस मामले में गिरफ्तार ऑटो चालक और उसके सहयोगी के पांच दिनों की पुलिस रिमांड की अवधि समाप्त होने पर सोमवार को उन दोनों को धनबाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
मीडिया से मुखातिब हुए एसआईटी के मुखिया एडीजी संजय आनंद लाटकर ने इस मामले में अब तक की पुलिसिया जांच पर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस मामले में विभिन्न टीमें बनाकर हर पद्धति से अनुसन्धान किया जा रहा है। अनुसन्धान के दौरान जो बातें निकालकर सामने आ रही है उस हिसाब से दिशा निर्देश जारी किया जा रहा है।
गिरफ्तार ऑटो चालक एवं उसके सहयोगी का नार्को टेस्ट के सवाल पर एडीजी ने कहा कि आज पुलिस रिमांड की अवधि समाप्त होने के बाद उन दोनों को जेल भेजा जा रहा है। इसके आगे क्या करना है इसपर विचार विमर्श जारी है और जितने भी साइंटिफिक टेक्निक है उन सब को जरुरत पड़ने पर इस्तेमाल किया जाएगा।
एसआईटी द्वारा अब तक किये गए जांच और निष्कर्ष के सवाल पर उन्होंने कहा कि एसआईटी इस मामले में पूरे पेशेवर ढंग से काम कर रही है। इसमें सभी पहलुओं पर जाँच कर उसका उद्भेदन करते हुए हम सही निष्कर्ष पर पहुंचेंगे।
गौरतलब है कि जज मौत मामले में पुलिस ने 29 जुलाई को धक्का मारने वाले ऑटो चालक राहुल वर्मा को गिरिडीह से गिरफ्तार किया था। जबकि उसके सहयोगी लखन वर्मा को पुलिस ने धनबाद स्टेशन से धरदबोचा था। जिसके बाद पुलिस ने सीजेएम के समक्ष इन्हें पेश कर पांच दिनों के लिए रिमांड पर लिया था। जिसकी अवधि समाप्त होने पर उन्हें न्यायालय में पेश कर धनबाद जेल भेज दिया गया।
इसे भी पढ़ें:
- Union Minister Chirag Paswan को जान से मारने की धमकी, गृह मंत्रालय से सुरक्षा बढ़ाने की मांग
- Duleep Trophy: वैभव, अभिमन्यु के साथ चमके मुकेश, ‘सेंट्रल’ को 4 विकेट से हराकर फाइनल में ‘ईस्ट जोन’
- World Coconut Day: नारियल का कोई हिस्सा बेकार नहीं, लकड़ी से लेकर कोकोपीट तक, जानें हर हिस्से का उपयोग
- Deoghar: स्कूल वैन-पिकअप की टक्कर, बच्ची की मौत; MD Academy के 6 से अधिक बच्चे घायल, दो की हालत गंभीर
- Trump ने Iran को बताया ‘Failed State’, वहां नेतृत्व करने वाला कोई स्पष्ट नेता नहीं



