
Deoghar: हर दूसरे दिन देवघर पुलिस साइबर अपराधियों को अपनी गिरफ्त में ले रही और हर पल साइबर अपराधी ठगने के नए-नए तरकीब निकाल लोगों को अपने झांसे में ले रहे हैं। सोमवार को देवघर पुलिस ने 14 साइबर आरोपितों को गिरफ्तार किया है। ये साइबर क्रिमिनल्स लोगों को कैश बैक का लालच देकर ठगी का शिकार बनाते थे।

गिरफ्तार आरोपित लोगों को फ़ोन पे, पे यु मनी जैसे एप्प पर कैश बैक का लालच देकर ठगी की घटना को अंजाम देते थे। जिसकी सूचना देवघर एसपी को मिल रही थी। एसपी धनंजय कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर डीएसपी मुख्यालय मंगल सिंह जामूदा व साइबर डीएसपी नेहा बाला के नेतृत्व में गठित विशेष छापेमारी टीम द्वारा सारठ थाना क्षेत्र के पंडारी, तेतरिया, बोचवान, पथरौल थाना क्षेत्र के पथरौल बाजार, कुसाहा व मधुपुर थाना क्षेत्र के पसीया गांव में छापेमारी की गयी थी। जहां से इन साइबर आरोपितों को पकड़ा गया।


पकड़े गए आरोपितों में दो सगे भाई रविन्द्र दास व बबलू दास, राजेश मिर्धा, मुकेश महरा , मो. इमानूल अंसारी, मुजाफर अंसारी, ओसमान अंसारी, अब्दुल अंसारी, विकास महरा, संजीव कुमार, ललन दास, रंजय कुमार दास, दीपक कुमार दास व रोहित कुमार दास शामिल है।
इनामुल अंसारी, मुजाफर अंसारी, ओसमान अंसारी अपने साथी अब्दुल अंसारी व अन्य साइबर आरोपितों को फर्जी नाम का बैंक खाता व एटीएम उपलब्ध कराते थे। जिसकी मदद से ठगी के पैसे की निकासी की जाती थी। इसके बदले इन लोगों को कमीशन मिलता था।


