Deoghar: देवघर पुलिस (Deoghar Police) ने देवघर पुलिस के कई अधिकारी व कर्मियों पर बड़ा एक्शन लिया है। दरअसल, रात होते ही चेक पोस्टों पर कई पुलिस वाले अवैध वसूली के काम पर लग जाते हैं। इसकी सूचना बार-बार वरीय पुलिस अधिकारीयों को मिल रही थी। इसी सूचना के आधार पर देवघर पुलिस उपाधीक्षक (मु0) गुरुवार की रात देवघर के अलग-अलग चेक पोस्टों पर चेकिंग करने को निकले। चेक पोस्टों पर कुछ पुलिस जवान द्वारा किये जा रहे कार्य को देख DSP हैरान रह गए .
रात करीब 11.25 बजे पुलिस उपाधीक्षक (मु0) जब अंधरीगादर पिकेट जो जसीडीह-जमुई मुख्य मार्ग पर स्थित है का औचक चेकिंग करने पहुंचे तो देखा पुलिस पदाधिकारी / कर्मियों के द्वारा एक गिट्टी लदे ट्रक को रोककर पैसे की माँग की जा रही है। DSP द्वारा फोटो या वीडियो बनाने का प्रयास किया गया परन्तु सभी भागने लगे। भागने के क्रम में हवलदार नरेश प्रसाद को पकड़ कर लाया गया और अवैध वसूली के बारे में पूछने पर उसने बताया कि सभी जवानों को मना करने पर भी नहीं मानते हैं और जवान की उपस्थिति के बारे में पूछने पर पेशाब का बहाना बनाने लगे। इस अवैध वसूली में हवलदार नरेश प्रसाद 2. आरक्षी रामचन्द्र यादव, 3. आरक्षी कारु पासवान 4. आरक्षी रमेश कुमार यादव एवं 5. आरक्षी संतोष यादव, अंधरीगादर पिकेट शामिल थे।
आगे छापामारी के क्रम को जारी रखते हुए रात करीब 01.05 बजे ठाढ़ी मोड़ के आगे दुमका-देवघर सीमा स्थित चेक पोस्ट की चेकिंग की गयी तो पाया गया कि मोहनपुर थाना की रात्रि गश्ती पार्टी द्वारा गिट्टी लदे ट्रकों से अवैध वसूली की जा रही थी। जिसमें निजी चालक रोहित राय, जो हिण्डोलावरण का रहने वाला है के द्वारा ट्रकों से अवैध वसूली की जा रही थी। जिसका विडियो क्लिप बनाया गया। उक्त अवैध वसूली में 1. ASI कौशलेन्द्र कुमार, 2. आरक्षी संतोष कुमार साह, आरक्षी मो० औरंगजेब एवं 4. आरक्षी सिकन्दर रविदास, मोहनपुर थाना शामिल थे।
छापामारी को जारी रखते हुए रात्रि करीब 02.15 बजे सुबह वैधनाथपुर चौक पर नगर थाना गश्ती पार्टी के द्वारा अवैध वसूली की जा रही थी। इसका विडियो क्लिप तैयार किया गया है। जिसमें निजी चालक परमानन्द यादव के द्वारा गिट्टी लदे ट्रकों को रोक कर पैसे की मांग की जा रही थी। इस अवैध वसूली में 1.ASI अर्जुन सिंह लागुरी 2. गृहरक्षक अजय मंडल, 3. गृहरक्षक वासुदेव राउत एवं 4. गृहरक्षक बन्धु यादव शामिल थे।
इस प्रकार देवघर में उक्त पुलिस पदाधिकारी / कर्मियों द्वारा अवैध रूप से वसूली किये जाने से पुलिस की छवि धूमिल हुई है। इसलिए उक्त आरोप में 1. हवलदार नरेश प्रसाद 2.आरक्षी रामचन्द्र यादव 3. आरक्षी कारू पासवान 4. आरक्षी रमेश कुमार यादव और 5. आरक्षी संतोष यादव, अंधरीगादर पिकेट 6. ASI कौशलेन्द्र कुमार, 7. आरक्षी संतोष कुमार साह 8. आरक्षी मो० औरंगजेब 9. आरक्षी सिकन्दर रविदास, मोहनपुर थाना और 10. ASI अर्जुन सिंह लागुरी, नगर थाना को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। सभी पुलिस पदाधिकारी / कर्मियों से लगाये गये आरोप के लिए स्पष्टीकरण 24 घंटे के अन्दर माँगा गया है।