
देवघर : देवघर नगर थाना क्षेत्र के बंपास टाउन मोहल्ला के रहने वाले जिले के एक बड़े संवेदक उमेश सिंह के बेटे राजकुमार से दो करोड़ की रंगदारी मांगी गई है। राजकुमार के बयान पर नगर थाना में मामला दर्ज किया गया है।

राजकुमार के मुताबिक पिछले 28 जून को किसी व्यक्ति ने उस कई बार फोन किया। फोन उठाने पर फोन करने वाले ने धमकी देते हुए उसे कहा कि तुम्हें मारने के लिए मुझे सुपारी मिली है। करीब 1.50 करोड़ में सौदा हुआ है। फोन काट देने के बाद 29 और 30 जून को भी अलग-अलग नंबर से फोन किया गया। फोन उठाने पर दो करोड़ की रंगदारी की मांग की गई और धमकी दी गयी कि अगर पैसा नहीं दोगे तो पूरे परिवार को जान से मार दिया जायेगा। जिसके बाद राजकुमार ने पुलिस को इसकी सूचना दी।

पुलिस फोन नंबर के आधार पर रंगदारी मांगने वाले की तलाश में जुट गयी है।


