रामगढ़: जिले में सोमवार की रात तीन शातिर शूटर ने रेलवे के एक ठेकेदार पर गोली चलाई। गोलीबारी में स्कॉर्पियो पर सवार ठेकेदार अशोक पासवान बाल बाल बचे। उन्हें एक भी गोली नहीं लगी। गोलीबारी कर भागने के क्रम में बाइक पर सवार तीन शूटर दुर्घटना में घायल हो गए। घायलों के पास से पुलिस को दो पिस्तौल और एक देसी कट्टा मिला है। तीनों घायल शूटर को इलाज के लिए सदर अस्पताल रामगढ़ में भर्ती कराया गया है।
इस मामले की पुष्टि करते हुए पतरातू एसडीपीओ वीरेंद्र चौधरी ने बताया कि रेलवे ठेकेदार अशोक पासवान सोमवार की रात अपने घर पोचरा लौट रहे थे। वह स्कॉर्पियो में सवार थे। इसी दौरान पोचरा गांव के पास पल्सर बाइक ( जेएच 01 डी क्यू 8561) पर सवार हथियारों से लैस तीन शूटर उनकी गाड़ी के पास पहुंचे। उन लोगों ने अशोक पासवान पर फायरिंग कर दी। स्कॉर्पियो में होने की वजह से बाइक सवारों का निशाना चूक गया। गोली चलाने के बाद अपराधी वहां से भागने लगे।
अशोक पासवान ने तत्काल इसकी सूचना बरकाकाना ओपी पुलिस को दी। पुलिस ने तत्काल भदानी नगर, भुरकुंडा, बासल और पुलिस को अलर्ट किया। भागने के दौरान पल्सर बाइक पर सवार तीनों शूटर बासल थाना क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त होकर घायल हो गए। पुलिस ने तत्काल उन तीनों को पकड़ा। उनमें से एक की पहचान बिट्टू सिंह के रूप में हुई है। दो लोगों की शिनाख्त अभी बाकी है।
रंगदारी मांगने की नियत से अपराधियों ने चलाई गोली
पुलिस सूत्रों के अनुसार रेलवे ठेकेदार अशोक पासवान से रंगदारी की मांग की जा रही थी। उन्होंने रंगदारी देने से इंकार कर दिया तो अपराधियों ने उन पर जानलेवा हमला किया।