
रांची: रांची स्थित बिरसा चिड़ियाघर(Birsa Zoo) में बाघिन(Tigress) अनुष्का(Anushka) के तीन शावकों का मंगलवार को नामकरण किया गया। तीनों को देश की प्रमुख नदियां कृष्णा, कावेरी और ताप्ती का नाम दिया गया है। तीनों शावकों की मां बाघिन अनुष्का और पिता बाघ मलिक हैं। अनुष्का ने तीनों को पिछले साल 2020 में 17 अप्रैल को जन्म दिया था लेकिन कोरोना के कारण नामकरण नहीं हो पाया था। तीनों मादा शावक हैं।

नामकरण के लिए पीके वर्मा PCCF (hope) और राजीव रंजन PCCF (Wild Life) पहुंचे थे। चिड़ियाघर के निदेशक वाईके दास भी मौजूद थे। बताया गया है कि जिस शावक का नाम कृष्णा रखा गया है उसका रंग बहुत ही गहरा है, जो दुर्लभ ही देखने को मिलता है। कावेरी दोनों शावकों की तुलना में शांत है, जबकि ताप्ती में सूर्य के ताप जैसा गुस्सा और चंचलता है।

नामकरण के मौके पर चिड़ियाघर परिसर में छोटा समारोह कर केक काटा गया। बाघ व शावकों को भी विशेष भोजन परोसा गया। इस मौके पर उद्यान के चिकित्सक डॉ ओमप्रकाश साहू के अलावा सभी अधिकारी उपस्थित थे। इससे पहले भी बाघिन अनुष्का व मलिक के दो शावकों का नामकरण भी इसी उद्यान में हुआ है। तब दोनों को लक्ष्मी व सरस्वती नाम दिया गया था। अब बिरसा चिड़ियाघर में कुछ नौ बाघ हो गये हैं, जिनमें दो बाघ व सात बाघिन हैं।
उल्लेखनीय है कि वर्तमान में चिड़ियाघर में बिग कैट प्रजाति के चार शेर, नौ बाघ व आठ तेंदुआ हैं। इन सभी 21 मांसाहारी जानवरों का कोविड 19 को देखते हुए आरटीपीसीआर टेस्ट कराया गया। सभी का रिजल्ट नेगेटिव आया है। ।


