रांची: झारखंड के इतिहास में यह पहली बार होगा, जब झारखंड के किसी पहलवान का चयन विश्व कप चैंपियनशिप के लिए हुआ है। सब जूनियर विश्व कुश्ती चैंपियनशिप 2021 के लिए भारतीय कुश्ती टीम में झारखंड की महिला पहलवान चंचला कुमारी चुनी गई है। सब जूनियर विश्व कुश्ती चैंपियनशिप 2021 का आयोजन 19 से 25 जुलाई तक बुडापेस्ट हंगरी में होगा।
सोमवार को दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में भारतीय कुश्ती महासंघ द्वारा आयोजित चयन ट्रायल में चंचला अपने सभी प्रतिद्वंद्वियों को परास्त कर सब जूनियर विश्व चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई करने में सफल हुई। चंचला कुमारी ने जेएसएसपीएस में कुश्ती की शुरुआत की। यहां उसे झारखंड राज्य कुश्ती संघ के अध्यक्ष सह एनआइएस कुश्ती कोच भोलानाथ सिंह व एएनआइएस कुश्ती कोच बबलू कुमार ने तराशा। चंचला को उसकी इस उपलब्धि के लिए कुश्ती संघ के सदस्यों ने बधाई दी है।
चंचला की उपलब्धियां
- 2017-18 SGFI राष्ट्रीय कुश्ती सिल्वर मेडल
- 2018-19 SGFI राष्ट्रीय कुश्ती गोल्ड मेडल
- 2019-20 SGFI राष्ट्रीय कुश्ती गोल्ड मेडल
- 2019-20 अंडर-15 नेशनल कांस्य पदक
- 2020-21 सब जूनियर नेशनल कांस्य पदक
इसे भी पढ़ें: मधुपुर नगर परिषद अध्यक्ष पद का उपचुनाव अगस्त माह में ! पहली महिला चेयरमैन थी लतिका मुर्मू