
देवघर: झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन की देवघर शाखा द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर बड़ी संख्या में तुलसी के पौधे का वितरण किया गया। इसके अलावा अन्य फूलों के पौधों का भी वितरण किया गया।

स्थानीय बम्पास टाउन स्थित रानी शक्ति दादीजी मंदिर के सभागार में हुए इस कार्यक्रम में देश के लब्ध- प्रतिष्ठित कानूनविद् कोलकाता के राम निरंजन झुनझुनवाला भी मुख्य अतिथि के रूप में ऑनलाइन उपस्थित रहे। उन्होंने अपने ऑनलाइन संबोधन में कहा कि पर्यावरण की रक्षा करना हम सबों का सामूहिक कर्तव्य है और पर्यावरण के विकास की दृष्टि से पौधों का वितरण जैसे कार्यक्रम अनवरत चलने चाहिए। उन्होंने श्री रानी शक्ति दादीजी मंदिर के बारे में भी कहा कि भविष्य में यह सिर्फ मंदिर नहीं, बल्कि एक बहुमुखी चेतना के विकास का केंद्र होगा, जिसमें स्थानीय प्रतिभाओं को सभी दृष्टियों से तराश कर इस प्रकार तैयार किया जाएगा, ताकि देश विदेश में यहां की प्रतिभा अपनी विशेष पहचान स्थापित करे। यह केंद्र धार्मिक, सांस्कृतिक, आध्यात्मिक एवं शैक्षिक चेतना के विकास का बहुआयामी केंद्र बनेगा।

उन्होंने पौधों के वितरण हेतु अनुदान की घोषणा भी की। सम्मेलन की देवघर शाखा के अध्यक्ष अशोक कुमार डालमिया ने भी बैंगलोर से अपनी ऑनलाइन उपस्थिति में समारोह के प्रति अपनी शुभकामनाएं व्यक्त की और कहा कि भविष्य में जारी रखा जानेवाला यह कार्यक्रम पर्यावरण रक्षा के मामले में महत्वपूर्ण कदम होगा।
मारवाड़ी सम्मेलन, देवघर शाखा के इस कार्यक्रम का संचालन करते हुए सचिव राज कुमार शर्मा (अधिवक्ता) ने कहा कि वर्तमान समय में वैश्विक महामारी कोरोना के कारण ऑक्सीजन की कमी को देखते हुए यह आवश्यक है कि इस प्रकार के पौधों का रोपण, संरक्षण और विकास किया जाय, जिनसे ऑक्सीजन की प्राप्ति होती है, इसलिए घर-घर में ऑक्सीजन प्रदान करने वाले पौधे तुलसी का लगा रहना आवश्यक है। तुलसी न सिर्फ ऑक्सीजन की आपूर्ति करती है, बल्कि यह हमारी संस्कृति की प्राणधारा भी है तथा वास्तु- दोषों को दूर करने में सफल यह पौधा औषधीय गुणों से भी भरपूर है, इसलिए प्रथम चरण में घर-घर तक तुलसी पौधा भेजने का संकल्प लिया गया है। इसके अलावा अन्य लाभदायी पौधों का वितरण भी किया जायेगा। उन्होंने बताया कि कोरोना संक्रमित व्यक्तियों के लिए सम्मेलन की देवघर शाखा द्वारा निशुल्क भोजन वितरण का कार्यक्रम भी चलाया जा रहा है।
कार्यक्रम के संयोजक जगदीश मुन्दड़ा ने कहा कि यह कार्यक्रम पर्यावरण रक्षा के निमित्त लिया गया है एवं भविष्य में लगातार जारी रहेगा। लोगों को पौधे सहित गमले निःशुल्क वितरित किए जाएंगे। मारवाड़ी सम्मेलन, देवघर शाखा के इस पौधा वितरण कार्यक्रम के एक अन्य संयोजक हरीश तोलासरिया ने भी कार्यक्रम को अपनी शुभकामनाएं दीं। मारवाड़ी सम्मेलन की देवघर जिला इकाई के महामंत्री पवन टमकोरिया ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में इसे एक सफल कदम बताया। मारवाड़ी सम्मेलन की देवघर जिला इकाई के निवर्त्तमान जिला अध्यक्ष अशोक सराफ ने कहा कि हम सबों को पर्यावरण की रक्षा के लिए सचेष्ट रहना चाहिए। श्रीश्याम कीर्तन मंडल के महामंत्री शिव कुमार सर्राफ ने तुलसी के औषधीय गुणों पर प्रकाश डाला।
श्रीश्याम कीर्तन मंडल देवघर के उपाध्यक्ष राजीव सराफ, रॉयल्स ऑफ राजस्थान संस्था के सचिव पंकज पचेरीवाल, मारवाड़ी महिला समिति देवघर की अध्यक्षा उर्मिला बाजला, संकल्प संस्था की अध्यक्षा कविता पचेरीवाल, सम्मेलन की देवघर शाखा के मीडिया प्रभारी पंकज मोदी सहित अन्य ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।
कार्यक्रम के आरंभ में हर्षित मुन्दड़ा, आयुषी शर्मा, आयुष शर्मा, सुहानी भारद्वाज, नंदिनी भारद्वाज, ख्याति मुन्दड़ा एवं रिधिमा मुन्दड़ा द्वारा सामूहिक रूप से पर्यावरण की महत्ता को प्रदर्शित करने वाले एक मोहक गीत की प्रस्तुति भी की गई। मारवाड़ी सम्मेलन, देवघर शाखा के इस पौधा वितरण समारोह में मुख्य रूप से शाखा के कोषाध्यक्ष संतोष गुटगुटिया, सह-कोषाध्यक्ष अशोक दायमा, श्री रानी शक्ति दादीजी मंदिर के समर्पित पदाधिकारी कमलेश तुलस्यान सहित शशांक शेखर अग्रवाल, जय नारायण शर्मा, सुप्रिया मुंदड़ा, संतोष मुंदड़ा, संगीता मोदी, पूनम टमकोरिया, विनोद कुमार अग्रवाल, संजय बाजला, सहित अन्य लोगों ने भाग लिया।



