
Ranchi: झारखंड में गर्मी का कहर जारी है। सुबह होते ही धूप का एहसास होने लगता है। धूप के साथ लू भी अपना असर दिखाने लगी है। दोपहर होते ही लू की रफ्तार तेज हो जाती है। अप्रैल महीने में तापमान तेजी से बढ़ने लगा है। दोपहर में सड़के सुनसान हो जा रही है। शाम होने के बाद ही बाजारों में भी चहल-पहल दिख रही है। हालांकि, राज्य के अलग-अलग इलाकों में मौसम का मिजाज देखने को मिल रहा है। कहीं बादल, कहीं लू तो कहीं कोहरा।

अप्रैल में गर्मी और चिलचिलाती धूप से जहां एक ओर लोग परेशान हैं। दूसरी ओर रांची सहित कई जगहों पर सुबह में लोगों ने जनवरी जैसा कोहरा देखा। लोगों ने इससे पहले अप्रैल में कोहरा छाया नहीं देखा था। कोहरे के कारण वाहन चालकों के अलावा आम लोगों को भी परेशानी भी हुई।

इस संंबंध में रांची स्थित मौसम केंद्र के प्रभारी वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने कहा कि पहाड़ी इलाकों में इस तरह का धुंध संभव है। दिन में गर्मी के बाद जहां पेड़ अधिक हों या नदी, वहां सुबह में धुंध हो सकती है। यह सामान्य प्रक्रिया है लेकिन ऐसा कभी-कभी ही होता है। मंगलवार को रांची का अधिकतम तापमान 38 डिग्री दर्ज किया गया है।


