
जसीडीह (देवघर) : एक शख्स द्वारा जसीडीह रेलवे स्टेशन पर खुद को विजिलेंस आफिसर बता रौब दिखाना महंगा पड़ गया।

दरअसल, पकड़ा गया व्यक्ति रामकृष्ण स्वरूप उत्तर प्रदेश के भेलपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत तिलभांडेबर का रहने वाला है। बताया जाता है कि रामस्वरूप अपने अन्य साथियों के साथ जसीडीह स्टेशन परिसर में प्लेटफार्म के बाहर हो हल्ला कर रहा था। इसी दौरान आरपीएफ इंस्पेक्टर मानस कुमार मिश्रा अपने सहयोगियों के साथ वहां पहुंचे। अधिकारियों ने वहां मौजूद लोगों को शांत कराने की कोशिश करने लगे। स्टेशन परिसर में मौजूद रेल यात्रियों से जानकारी ली जा रही थी। उसी दौरान पुलिस को देखकर चार-पांच व्यक्ति भागने लगे। पुलिस अधिकारी को शक हुआ तो जवानों को उन्हें पकड़ने का आदेश दिया। जवानों ने खदेड़ कर एक व्यक्ति को पकड़ा। पकडे जाने पर पर रामकृष्ण धौंस जमाने का प्रयास करने लगा और पदाधिकारी के साथ दुर्व्यवहार करने लगा।

अधिकारियों ने जब उससे परिचय पूछा तो खुद को वो विजिलेंस आफिसर बताते हुए नौकरी से बर्खास्त कराने की धमकी देने लगा। तब अधिकारी ने उससे परिचय पत्र मांगा। परिचय पत्र देखकर पुलिस को शक हुआ। जांच करने पर परिचय पत्र फर्जी पाया गया। जिसके बाद पुलिस ने फर्जी दस्तावेज दिखाने के आरोप में उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ रेल थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई। बाद में उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।


