
नई दिल्लीः देवघर एयरपोर्ट से हवाई सेवा शुरू होने में हो रही देरी के जिम्मेदार सूबे की राज्य सरकार को बताते हुए गोड्डा से भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने कहा है कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर देवघर एयरपोर्ट से हवाई उड़ान शुरू हो जाएगी।

ये जानकारी निशिकांत दुबे ने नागर विमानन मंत्री हरदीप सिंह पुरी से मुलाकात के बाद दी। सांसद निशिकांत दुबे ने कहा कि एयरपोर्ट चालू होने में राज्य सरकार ख़ासकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के कारण देरी हो रही है। आज नागर विमानन मंत्री हरदीप सिंह पुरी जी से मिला। देवघर एयरपोर्ट चालू करने में आ रही रोड, पानी व अन्य समस्या को लेकर बात हुई। सभी समस्याओं के समाधान की टाइम लाइन तय हो गयी है। जल्द ही सारी समस्याएं दूर हो जाएँगी। देवघर एयरपोर्ट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर 17 सितंबर को चालू होगा।

बता दें कि दो दिन पहले ही गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे ने देवघर एयरपोर्ट का निरीक्षण किया था। एयरपोर्ट चालू होने में आ रही समस्याओं के बारे में उन्होंने बताते हुए राज्य सरकार को अल्टीमेटम दिया कि जल्द ही अप्रोच सड़क और ड्रेनेज सिस्टम की फाइल को क्लियर करें ताकि जल्द ही काम दुरुस्त कर हवाई सेवा की शुरुआत की जाये। नहीं तो राज्य सरकार के अड़ियल रवैये के खिलाफ वो धरने पर बैठेंगे।



