देवघर: साइबर अपराध पर लगाम कसने के लिए देवघर पुलिस लगातार अभियान चला रही है। यही वजह है कि हर दूसरे दिन बड़ी संख्या में लोगों की गाढ़ी कमाई चंद सेंकड में डकार जाने वाले डिजिटल डकैत देवघर पुलिस के हत्थे चढ़ रहे हैं। पिछले आठ माह के आंकड़ों पर नजर डाली जाए तो इस दौरान जिले में 500 से ज़्यादा साइबर अपराधियों की गिरफ्तारी हुई है।
आठ माह के दौरान देवघर पुलिस ने जिले के विभिन्न इलाकों से 579 साइबर आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने करीब 28.26 लाख नगद, 27 फोर व्हीलर, 76 बाइक, 1027 मोबाइल, 1577 सिम, 467 एटीएम, 94 पासबुक, 77 चेकबुक, 23 लैपटॉप, छह स्वाइप मशीन, तीन माइक्रो पॉस मशीन चार राउटर व अन्य सामान बरामद किया है। वहीं इस दौरान जिले में साइबर से जुड़े 82 मामले प्रतिवेदित हुए हैं।
देवघर के साइबर आरोपितों के कारनामों से पूरा देश वाफिक है। इन बदमाशों ने सिर्फ आम लोगों को ही नहीं बल्कि कई आइपीएस व अन्य अधिकारी व नामचीन लोगों को अपने जाल में फंसा चूना लगाया है। जिनमें से दर्जनों कांडो का उद्भेदन देवघर पुलिस ने किया है। वहीं, सीएसपी व साइबर ठगों के बीच गठजोड़ का भी खुलासा जिले की पुलिस ने किया। जिसमें शामिल कई सीएसपी संचालक की भी गिरफ्तारी हुई है।
साइबर अपराध पर पूरी तरह लगाम कसने के लिए देवघर पुलिस का ये अभियान आगे भी जारी रहेगा।