मधुपुर (देवघर)

झारखंड के प्रवासी मजदूरों को वापस लाने के लिए सूरत से हटिया के बीच चलने वाली साप्ताहिक सुपरफास्ट ट्रेन को मधुपुर तक विस्तार किया गया है। शुक्रवार की देर रात यह ट्रेन संथाल परगना के सभी जिला सहित गिरिडीह जिला के मजदूरों व उनके परिजनों को लेकर मधुपुर रेलवे स्टेशन पहुंचेगी। ऐसे में व्यवस्थाओं का जायज़ा लेने देवघर डीसी मंजूनाथ भजंत्री मधुपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे।

श्रमिकों व उनके परिजनों को चिकित्सीय जांच के बाद उनके जिला तक पहुंचाने की व्यवस्था का मुआयना जिला उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने किया। उपायुक्त ने विभिन्न अधिकारियों से व्यवस्था की जानकारी ली और स्टेशन परिसर में घूमकर निरीक्षण किया।
स्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर दिये गए निर्देशों का करना होगा पालनः डीसी

निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने स्वास्थ्य टीम व संबंधित नोडल अधिकारी को आवश्यक सभी तैयारियों को ससमय पूरा करते हुए स्वास्थ्य सुविधा से जुड़े सभी कार्यों को दुरुस्त कर लेने का निर्देश दिया, ताकि आगे किसी प्रकार की समस्या न हो।
उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि गुजरात में लॉक डाउन होने के कारण झारखंड के विभिन्न जिलों के प्रवासी श्रमिक व उनके परिजन स्पेशल ट्रेन से वापस लौट रहे हैं। मजदूरों के यहां पहुंचने पर उनकी चिकित्सीय जांच, भोजन- पानी की व्यवस्था के साथ उन्हें उनके गंतव्य स्थान तक पहुंचाने के लिए अलग-अलग वाहनों की व्यवस्था की गई है। संथाल परगना के 6 जिला सहित गिरिडीह जिला के करीब 15 से 18 सौ मजदूर के वापस लौटने की संभावना है। मजदूरों को सम्मान पूर्वक उनके घर तक पहुंचाने का कार्य किया जाएगा।

इसके अलावे उपायुक्त द्वारा जानकारी दी गई कि यहां पहुंचने पर यात्रियों की स्क्रीनिंग की जाएगी। जांच में सही पाये गए लोगों को होम क्वारंटीन में रखा जाएगा। इसके अलावे समय-समय पर इनका हेल्थ चेक-अप भी किया जाएगा। साथ ही यात्रियो को आरोग्य सेतु एप का इस्तेमाल करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा, ताकि इसकी मदद से इन लोगों की सेहत पर नजर रखा जा सके।
मौके पर मौजूद अनुमंडल पदाधिकारी योगेंद्र प्रसाद ने बताया कि श्रमिक स्पेशल ट्रेन से पहुंचने वाले यात्रियों की जांच के बाद नेगेटिव होने पर 7 दिनों होम आईसोलेशन में रहना है। देवघर जिला के लोगों के लिए पालिटेक्निक कालेज में आईसोलेशन सेंटर की व्यवस्था है।


