
देवघर: कृषि मंत्री बादल पत्रलेख ने बाघमारा स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य उप केंद्र का निरीक्षण कर आरटीपीसीआर लैब को लेकर चल रहे विभिन्न कार्यों की वस्तुस्थिति का जायजा लिया। इस दौरान मंत्री ने चल रहे कार्यों को जल्द से जल्द पूर्ण करने के अलावा संबंधित अधिकारियों व स्वास्थ्य विभाग की टीम को आवश्यक व उचित दिशा निर्देश दिया, ताकि जिलावासियों की सुविधा के अनुरूप आगामी 14 मई से आरटीपीसीआर लैब को शुरू किया जा सके।

निरीक्षण के क्रम में मंत्री बादल पत्रलेख ने स्वास्थ्य विभाग की टीम व संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि कोविड-19 की दूसरी लहर में मरीजों की संख्या बहुत तेजी से बढ़ रही है। ऐसे में ऑक्सीजनयुक्त बेड, ऑक्सीजन सिलेंडर, वेंटिलेटर और आईसीयू की कमी को पूरा करने के अलावा बेडों की संख्या बढ़ाने के साथ ऑक्सीजन आपूर्ति को सामान्य बनाए रखना अति आवश्यक है, ताकि कोविड संक्रमित मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।


साथ ही मंत्री ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि कोविड नियमों के शत प्रतिशत अनुपालन के साथ मास्क, साफ-सफाई और सामाजिक दूरी का अनुपालन करें।
मंत्री बादल पत्रलेख ने देवघर सदर अस्पताल का भी जायज़ा लिया। मरीजों से उनका हाल चाल जाना। स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने का निर्देश मौके पर मौजूद चिकित्स्कों को दिया।



