रांची।

झारखंड के दो अंचलाधिकारी (CO) को सस्पेंड कर दिया गया है। दोनों CO के खिलाफ विभागीय कार्यवाही करने का आदेश भी सरकार की तरफ से दिया गया है। डुमरी के CO शशिभूषण वर्मा और सरिया की CO सुनीता कुमारी शामिल हैं।

दोनों अंचल अधिकारियों पर सरकारी जमीन का गलत तरीके से ट्रांसफर करने का आरोप है। CM हेमंत सोरेन ने दोनों अधिकारियों के निलंबन और विभागीय कार्यवाही करने के आदेश को अपनी सहमति दे दी है।


क्या है आरोप
शशिभूषण वर्मा ने यह काम सरिया के प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) रहते हुए किया है। शशि भूषण वर्मा पर आरोप है कि इन्होंने सरिया मौजा के बड़की सरिया के विभिन्न गैरमजरूआ प्लॉट को विभिन्न रैयतों को ऑनलाइन कर सरकारी भूमि का अवैध रूप से ट्रांसफर किया है। वहीं सुनीता कुमारी, CO रहते हुए सरिया मौजा के बड़की सरिया गैरमजरूआ खाता संख्या-200 में प्लॉट संख्या-1839, रकबा 01 एकड़ 60 डिसमिल रैयत भरथ कोयरी के नाम दिनांक 6 जून 2018, प्लॉट संख्या-4017, रकबा 15.5 डिसमिल रैयत दुलारी देवी के नाम दिनांक 5 जनवरी 2020, प्लॉट संख्या-4771, रकबा 2.6 डिमसमिल रैयत महेश कुमार मोदी के नाम दिनांक 23 अगस्त 2019 को ऑनलाइन कर सरकारी भूमि का अवैध रूप से ट्रांसफर किया है।
जांच में सही पाया गया आरोप
SDO की जांच में आरोप सही पाया गया, जिसके बाद ये कार्रवाई हुई है। बगोदर और गिरीडीह के अनुमंडल पदाधिकारी ने इनके खिलाफ शिकायतों की जांच की। जांच सही पाया गया कि इन्होंने गलत तरीके से जमीन का ट्रांसफर किया है। इसके बाद उन्होंने सरकार से इन्हें सस्पेंड करने और विभागीय कार्यवाही करने का प्रस्ताव दिया। जिस पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपनी सहमति दे दी है।




