

साहिबगंज।

साहिबगंज में शुक्रवार को दोपहर दो बजे शराब के नशे में हाइवा चला रहे ड्राइवर ने मिर्जा चौकी NH महादेवगंज के पास दो सगी बहनों माही कुमारी और टोनी कुमारी को कुचल दिया। टोनी कुमारी नौवीं और माही कुमारी क्लास आठवीं कक्षा की छात्रा थी। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों बच्चियां स्कूल से घर लौट रही थी।

इतना ही नहीं घटना में एक टोटो और बाइक सवार को भी धक्का लगा है। जिससे टोटो और बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जिरवा बाड़ी थाना क्षेत्र के श्री राम चौकी से एक हाईवा जिसका नंबर मिटा हुआ था रेलवे पुल के पास पहले एक नाश्ते की दुकान में ठोकर मारा, वहां से भागते हुए राष्ट्रीय उच्च पथ पर आया। भीड़-भाड़ वाले इलाके में पहुंचने के बाद भी उसने अपनी स्पीड कम नहीं की और सभी को ठोकर मारते हुए भाग गया।

घटना के बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर दिया। शव को सड़क पर रख कर प्रदर्शन किया। उचित मुआवजा और यहां से गुजरने वाली गाड़ियों की रफ्तार कम करने की मांग पर लोग घंटों अड़े रहे।
घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पुलिस पहुंची। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राजेंद्र कुमार दुबे ने बताया कि पुलिस घटना की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है।



