

मधुपुर/देवघर।

मधुपुर में चुनावी बिगुल फूंकते ही शहर से लेकर गांवों तक राजनीतिक दलों के पोस्टर बैनर हटा दिए जाएंगे। चुनाव आयोग के द्वारा अधिसूचना जारी करने का जिला प्रशासन को इंतजार है। वही विधानसभा उपचुनाव को लेकर अनुमंडल कार्यालय में एसडीओ योगेन्द्र प्रसाद ने गुरुवार को विभिन्न राजनीतिक दल के नेताओं के साथ बैठक की।

बैठक में सबसे पहले एसडीओ ने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को आदर्श आचार संहिता का पालन करने की बात कही। इस मौके पर मधुपुर कार्यपालक दंडाधिकारी सजंय कुमार सिन्हा मौजूद थे। इस मौके पर एसडीओ ने कहा राजनीतिक दल के नेता एवं कार्यकर्ता कोविड-19 से संबंधित दिशा-निर्देशों का हर हाल में संपूर्ण चुनावी प्रक्रिया के दौरान पालन करना होगा। इसके अलावे सोशल साइट पर संप्रदायिक भावना को भड़काने जैसे पोस्ट करने वाले राजनीति पार्टी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। उन्होने कहा कि चुनाव के दौरान किसी राजनीतिक दल को किसी भी प्रकार की परेशानी ना हो, इसके लिए हेल्प डेस्क का निर्माण कराया जाएगा।

वहीं, चुनावी कार्यक्रम जैसे रैली, सभा, नुक्कड़ नाटक समेत अन्य किसी प्रकार के कार्यक्रम की अनुमति ऑनलाइन लेनी होगी। आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद सरकारी भवन समेत सरकारी संपति से 24 घण्टे के अंदर बैनर,पोस्टर हटाया जाएगा। वहीं निजी संपत्तियों पर लगाए गए पोस्टर-बैनरों को भी राजनीतिक दलों को 72 घंटों के अंदर हटाना होगा। एसडीओ ने कहा कि उपचुनाव में 78 अतिरिक्त मतदान केन्द्र व 5 मतदान केन्द्र नए भवन में शिफ्ट किए जाएगे।




