

रांची।

रांची के अनगड़ा प्रखंड में एक शख्स का घर सुर्खियों में है। सुर्खियों में इसलिए कि यह घर अनोखा है। दरअसल, एक शख्स ने हवाई जहाज पर चढ़ने शौक को पूरा करने के लिए अपने घर की तीसरी मंजिल को हवाई जहाज का शक्ल दे दिया है। ये शख्स है महेशपुर निवासी भाजपा नेता जाकिर खान।

जाकिर खान ने अपने घर की छत पर इंडिगो फ्लाइट बनाया है। करीब दस लाख रुपये की लागत से 28 फीट लंबा व 6 फीट ऊंचा व चौड़ा जहाज बना है। जहाज की डिजाइन खुद जाकिर खान ने बनाई है। स्थानीय कारीगरों ने तीन माह में इस जहाज को तैयार कर दिया। लॉकडाउन की घोषणा होने के दिन इसका उद्घाटन किया गया। इस जहाज में बेड लगा हुआ है। इंटीरियर डिजाइन भी जहाज के अनुसार करने का प्रयास किया गया है। बाहर का लुक तो पूरी तरह से हवाई जहाज का है। जहाज पर इंडिगो लिखा हुआ है।

जहाज में पहिया, पंखा, डैना सभी लगा हुआ है। इस जहाज यानि कमरे में चढ़ने-उतरने के लिए अलग-अलग सीढ़ी बनी हुई है। जाकिर खान बताते हैं कि शुरू से ही मुझे कुछ यूनिक काम करने का शौक था। मुझे लगा कि हवाई जहाज रूपी घर बनाने से चर्चा होगी। बस इसी शौक को पूरा करने के लिए जहाज महल बनवा दिया।
सबसे मजेदार बात यह है कि जाकिर खान ने कभी भी हवाई जहाज में सफर नहीं किया है। उन्होंने कहा कि भले ही मैंने कभी रियल लाइफ में हवाई जहाज में नहीं चढ़ा है, लेकिन जब मन करता है तब अपने इस हवाई जहाज में घुस जाता हूं। इस दौरान मुझे लगता है कि मैं फ्लाइट में चढ़ा हुआ हूं।

हवाई जहाज में तीन ओरिजिनल टायर लगाए गए हैं। इसमें स्टेयरिंग और सीट बनाना बाकी है। इसमें लाइट भी लगा हुआ है। इसके अंदर एसी लगाने का भी विचार जाकिर खान का है। इसमें एक तरफ चढ़ने का और दूसरी तरफ उतरने के लिए सीढ़ी बना हुआ है।
अब इस गांव की पहचान इस हवाई जहाज घर से होने लगी है। जाकिर खान ने कहा कि शुरू में लोग मुझे इसे लेकर पागल कहने लगे थे। लोगों को यह समझ ही नहीं आ रहा था कि यह क्या बन रहा है। ढांचा बनने के बाद लोगों को पता चला कि यह हवाई जहाज बना है। दूर-दूर से लोग इसे देखने के लिए आ रहे हैं। इस घर के पास से गुजरने वाले लोग रुककर एक बार इस घर को जरूर देख लेते हैं।



