

रांची।

मधुपुर विधानसभा उपचुनाव (Madhupur By-Election) को लेकर राज्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय ने अपनी तैयारी पूरी कर ली है. उम्मीद की जा रही है कि मधुपुर विधानसभा उपचुनाव की घोषणा इसी महीने हो सकती है.

जानकरी हो कि तीन अक्टूबर 2020 को मंत्री हाजी हुसैन अंसारी के निधन की वजह से मधुपुर विधानसभा सीट रिक्त हो गयी थी. तय प्रावधान के मुताबिक अधिकतम छह माह तक ही सीट खाली रह सकती है. ऐसे में प्रावधान के तहत दो अप्रैल 2021 के पूर्व चुनाव संपन्न करा लेना है.

आम तौर पर उपचुनाव की घोषणा और मतगणना के बीच एक माह का समय होता है. इस लिहाज से इस माह के अंत तक चुनाव आयोग द्वारा उपचुनाव की घोषणा संभावित है. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के सूत्रों के मुताबिक आयोग कभी भी चुनाव की घोषणा कर सकता है.
राज्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय ने अपनी तैयारी पूरी कर ली है. चुनाव कराने के लिए पदाधिकारियों और कर्मचारियों को दिया जा रहा प्रशिक्षण भी चालू सप्ताह में ही खत्म हो जायेगा. चुनाव के लिए मतदाता सूची का प्रकाशन किया जा चुका है. इवीएम, वीवीपैड, स्याही जैसी जरूरी चीजों का इंतजाम कर लिया गया है.




