नई दिल्ली।

देश के मशहूर उद्योगपति रतन टाटा (Ratan Tata) को भारत रत्न दिलाने की मांग हो रही है। ट्विटर पर ‘भारत रत्न फॉर रत्न टाटा’ नाम से अभियान चल रहा था। जिसपर अब रतन टाटा ने एक दिल छू लेने वाली बात कही है। उन्होंने लोगों से इस तरह के अभियानों को बंद करने की अपील की हैं।

रतन टाटा अपने सौम्य स्वभाव के लिए जाने जाते है। भारत के बड़े उद्योगपतियों में शुमार रतन टाटा ने Tweet करते हुए लिखा कि सोशल मीडिया के एक वर्ग की ओर से व्यक्त की गई भावनाओं का मैं सम्मान करता हूं। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि इस तरह के अभियानों को बंद कर दिया जाए। रतन टाटा ने कहा कि मैं खुद को भाग्यशाली मानता हूं कि मैं भारतीय हूं और भारत की वृद्धि और समृद्धि के लिए प्रयास कर रहा हूं।

आपको बता दें कि सबसे पहले मोटिवेशनल स्पीकर डॉ. विवेक बिंद्रा ने एक ट्वीट किया, जिसमें उन्होंने रतन टाटा के लिए भारत रत्न की मांग की। इसके बाद देखते ही देखते लोगों की मांग बढ़ती गई और ट्विटर पर ट्वीट की बाढ़ आ गई। सब लोग ट्वीटर पर टाटा को भारत रत्न देने का समर्थन करने लगे। जिसके बाद Ratan Tata और BharatRatnaForRatanTata हैशटैग टॉप ट्रेंड में आ गया।
सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय हैं टाटा
उम्र ज्यादा होने के बावजूद भी रतन टाटा सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय हैं। ट्विटर की बात करें तो उनके वहां पर 93 लाख से ज्यादा फॉलोवर्स हैं। वो अपनी जिंदगी से जुड़े कई अनुभव इस प्लेटफॉर्म पर साझा कर चुके हैं।



