

देवघर।

देवघर नगर निगम सभागार में जियाडा (JIADA) के क्षेत्रीय निदेशक (संप) शैलेन्द्र कुमार लाल द्वारा एसपियाडा (SPIADA) के कार्यों को गतिशील बनाने के लिए समीक्षा बैठक की गई। बैठक में फेडरेशन ऑफ झारखण्ड चैम्बर, संथाल परगना चैम्बर, देवघर चैम्बर, एसपियाडा, औद्योगिक संगठन से सम्बंधित अधिकारी और अन्य उद्यमी शामिल हुए।
उद्यमियों को पोजेशन दिलाने पर चर्चा

बैठक में मूल रूप से एसपियाडा के अंतर्गत देवीपुर औद्योगिक क्षेत्र (Devipur Industrial Area) में उद्यमियों (Entrepreneurs) को आवंटित प्लॉटों पर पोजेशन (Possession) दिलाने में आ रहे दिक्कतों पर चर्चा की गई। जियाडा के क्षेत्रीय निदेशक शैलेन्द्र कुमार लाल ने बताया कि उद्यमियों को पोजेशन दिलाने और ईएमडी वापस करने के लिए उद्योग सचिव सह जियाडा के एमडी को दो महीने के अन्दर 3-4 बार पत्राचार किया गया है। देवीपुर सहित संथाल के अन्य औद्योगिक क्षेत्र के डिमार्केशन, सीमांकन और सड़क बनाने का प्रस्ताव रांची भेजा गया है। इस प्रस्ताव को मंजूरी मिलते ही वहां डिमार्केशन एवं सीमांकन का काम किया जायेगा ताकि उद्यमियों को पोजेशन लेने में सुविधा हो। आवश्यकतानुसार पुलिस फोर्स का डिप्टेशन कराकर उद्यमियों को पोजेशन दिलाने में एसपी से भी आश्वासन लिया गया है। उन्होंने उद्यमियों से भी सहयोगात्मक रवैया अपनाने की अपील की।

उद्योग सचिव पूजा सिंघल का देवघर दौरा की संभावना
उधर जियाडा द्वारा ईएमडी लौटाने के लिये आवंटन मिलते ही सभी उद्यमियों को जमा ईएमडी की राशि वापस कर दी जाएगी। क्षेत्रीय निदेशक ने बताया कि एसपियाडा के सभी समस्याओं के निदान के लिए शीघ्र ही उद्योग सचिव पूजा सिंघल का देवघर दौरा होने की संभावना है। उद्योग सचिव के साथ भी स्थानीय चैम्बर और उद्यमियों की बैठक करायी जाएगी।

बैठक में उद्यमियों ने रखी मांग, मिला आश्वासन
बैठक में उद्यमियों ने जबतक उन्हें पोजेशन नहीं मिलता है तब तक जमीन के मूल्यों पर ब्याज माफ करने की मांग रखी। क्षेत्रीय निदेशक ने उद्यमियों और चैम्बर के अधिकारियों को आश्वस्त किया है कि आपके उम्मीदों के अनुरूप एसपियाडा को गतिशील बनाने में वे गंभीर प्रयास कर रहे हैं और अगले 2-3 महीने में अपेक्षित काम दिखने लगेंगे। उद्यमियों के अन्य समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर निदान किया जायेगा और उनके किसी भी काम को लंबित नहीं रखा जायेगा। श्री लाल ने एसपियाडा अंतर्गत सभी 10 औद्योगिक क्षेत्रों की जीआईएस मैपिंग कराए जाने की भी जानकारी दी। एसपियाडा के सभी क्षेत्रों में आवश्यक बुनियादी ढांचा का भी प्रस्ताव तैयार कराया जा रहा है ताकि भविष्य में आज वाली समस्या बरकरार नहीं रहे। उन्होंने जसीडीह औद्योगिक क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट नहीं जलने की समस्या पर भी आवश्यक कारवाई करने की बात कही और कहा कि संबंधित एजेंसी पर भी एक्शन लिया जायेगा जिसके कारण यह मामला उलझ रहा है।
बैठक में फेडरेशन के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष आलोक मल्लिक और उद्यमी संजीत कुमार सिंह ने शैलेन्द्र लाल को मात्र 2 महीने के छोटे समय में किये गए उनके प्रयासों और होमवर्क की प्रशंसा करते हुए उद्यमियों के साथ बैठक के लिए धन्यवाद दिया।
बैठक में ये थे मौजूद
बैठक में संप चैम्बर की ओर से महासचिव संजय मालवीय, संजीत सिंह, कामदेव दुबे, मुकेश कुमार, सुनील रूंगटा, आशीष गुटगुटिया, देवघर चैम्बर की ओर से अध्यक्ष रवि केशरी, उपाध्यक्ष शिव सराफ, संयुक्त सचिव आलोक अग्रवाल, अशोक सराफ, एसपियाडा औद्योगिक संगठन के अध्यक्ष कमल नयन सिंह, उपाध्यक्ष राकेश कुमार, आलोक सिंह सहित कई अन्य उद्यमी शामिल थे।




