

चौपारण (हजारीबाग)

पिता द्वारा थाना में 14 साल की बेटी की हत्या का आरोप लगाने के बाद पुलिस ने दफन लाश को शनिवार को कब्र से बाहर निकलवाया। करीब 45 दिन पहले लड़की की लाश केवला गांव के कब्रिस्तान में दफन की गई थी। लड़की की लाश कटकमसांडी थाना क्षेत्र स्थित खुटरा गांव के कुएं से मिली थी।

जानकारी के अनुसार रौशनी खातून कटकमसांडी थाना क्षेत्र स्थित खुटरा गांव में अपने नाना के घर में रहकर पढ़ाई करती थी। करीब 45 दिन पहले कुएं में डूबने से उसकी मौत हो गई थी। परिजन आनन-फानन में शव लड़की के पैतृक गांव केवला गांव लाए और यहां कब्रिस्तान में दफन कर दिया। इसके कुछ दिनों बाद लड़की के पिता क्याम खान अपने ससुराल गए तो उन्हें अगल-बगल के लोगों ने बताया कि उनकी बेटी की हत्या हुई है। उसकी मौत संदिग्ध है। इसके बाद क्याम खान ने बेटी की हत्या का आरोप लगा आवेदन पुलिस को दिया।
आवेदन मिलने के बाद शनिवार को केवला कब्रिस्तान में मजिस्ट्रेट प्रेम चंद सिन्हा (चौपारण बीडीओ), चौपारण सर्किल इंस्पेक्टर रोहित कुमार सिंह और थाना प्रभारी बिनोद तिर्की की मौजूदगी में लाश को कब्र से बाहर निकाला गया। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।




