

देवघर।

साइबर अपराध के खिलाफ चल रहे अभियान में देवघर पुलिस को हर रोज सफलता मिल रही है। देवघर पुलिस ने 10 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है।

सोमवार को देवघर एसपी अश्वनी कुमार सिन्हा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर साइबर डीएसपी नेहा बाला व मुख्यालय डीएसपी मंगल सिंह जामुदा व साइबर इंस्पेक्टर संगीता कुमारी की अगुवाई में साइबर थाना की पुलिस ने मारगोमुण्डा के द्वारपहाड़ी, खागा के रघुनाथपुर व दुमका जिला के मसलिया थाना अंतर्गत बेदियाचक गांव से छापेमारी कर कुल 10 साइबर आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
इन साइबर अपराधियों के पास से 28 मोबाइल, 40 सिम कार्ड, 8 पासबुक और एक ऑल्टो कार बरामद किया गया है।
गिरफ्तार अपराधियों में 21 वर्षीय कृष्णा मंडल, 19 वर्षीय अर्जुन मंडल, 21 वर्षीय करण मंडल, 22 वर्षीय अरुण मंडल, 23 वर्षीय गुड्डू मंडल, 30 वर्षीय कयूम अंसारी, 19 वर्षीय सईम अंसारी, 24 वर्षीय सरफुद्दीन अंसारी, 24 वर्षीय शफीक अंसारी और 21 वर्षीय रफीक अंसारी का नाम शामिल है। गिरफ्तार आरोपियों में आरोपी कृष्णा मंडल पूर्व में भी साईबर अपराध के आरोप में महाराष्ट्र पुलिस द्वारा गिरफ्तार होकर जेल जा चुका है ।
कैसे करते थे ठगी
गिरफ्तार साइबर अपराधी साइबर ठगी की घटना को अंजाम देने के लिए तरह-तरह के हथकंडे अपनाते थे। लोगों को फर्जी बैंक अधिकारी बनकर ये सभी फोन करते थे, एटीएम बंद व चालू कराने के नाम पर, केवाइसी अपडेट कराने के नाम पर, विभिन्न मनी ट्रांसेक्शन एप्प के जरिये बड़े आसानी से लोगों को अपने झांसे में लेकर आसानी से ठगी कर लेते थे।



