
गांधीनगर: गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रुपाणी ने इस्तीफा (Vijay Rupani Resign) दे दिया है। इस्तीफा देने के बाद उन्होंने पत्रकारों के साथ बातचीत में कहा कि पार्टी में समय के साथ दायित्व बदलते रहते हैं। यह एक स्वभाविक प्रक्रिया है। मुझे 5 साल के लिए मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी मिली, यह बहुत बड़ी बात है।

रुपाणी ने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का भी मार्गदर्शन मेरे लिए अभूतपूर्व रहा है। अब मुझे जो भी जिम्मेदारी मिलेगी, मैं उसका निर्वहन करूंगा। हम पद नहीं जिम्मेदारी कहते हैं। मुझे जो जिम्मेदारी मिली थी, वह मैंने पूरी की है। हम प्रदेश के चुनाव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में लड़ते हैं और 2022 का चुनाव भी उन्हीं की अगुवाई में लड़ा जाएगा।

उल्लेखनीय है कि रुपाणी ने 26 दिसंबर, 2017 को दूसरी बार गुजरात के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। भाजपा ने गुजरात में 182 सीटों में से 99 सीटें जीतकर बहुमत हासिल किया था। विधानमंडल दल की बैठक में रुपाणी को विधायक दल का नेता और नितिन पटेल को उपनेता चुना गया था।


