
Ahmadabad : अहमदाबाद में दुष्कर्म के आरोपी को सोमवार देर रात पुलिस ने पैर में गोली मार दी। आरोपी ने हेबतपुर इलाके में रविवार देर रात रिकवरी पंचनामा के दौरान पुलिस कस्टडी से भागने की कोशिश की थी। इस दौरान आरोपी ने एक पुलिस अधिकारी की सर्विस रिवॉल्वर भी छीन ली थी।

आरोपी की पहचान धर्म सिंह के रूप में हुई है, जिसे रविवार को 23 वर्षीय इंटीरियर डिजाइनर छात्रा से दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। आरोप है कि उसने छात्रा के साथ आनंदनगर इलाके में स्थित पेइंग गेस्ट में दुष्कर्म किया था।

आरोपी को रविवार देर रात हेबतपुर ले जाया गया था, ताकि उस युवती का मोबाइल फोन बरामद किया जा सके। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने युवती पर हमला करने के बाद उसका मोबाइल फोन चुरा लिया था।
पुलिस उपायुक्त (जोन 7) शिवम वर्मा के मुताबिक, धर्म सिंह को घटनास्थल पर ले जाने से पहले उसे चिकित्सकीय और डीएनए सैंपलिंग जांच के लिए ले जाया गया।
डीसीपी वर्मा ने अस्पताल के बाहर पत्रकारों से बातचीत में कहा कि बरामदगी पंचनामे के दौरान आरोपी ने पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश की। इतना ही नहीं, आरोपी ने इंस्पेक्टर आरएस परमार की रिवॉल्वर भी छीनने की कोशिश की। इस झड़प के दौरान कांस्टेबल वीरेंद्र सिंह को चोट भी पहुंची। इस दौरान पुलिस ने आरोपी पर दो राउंड फायरिंग की, जिसमें से एक गोली उसके पैर पर में लगी। हालांकि, अब आरोपी और पुलिस कांस्टेबल की हालत स्थिर है।
इस घटना के बाद धर्म सिंह और घायल पुलिस कांस्टेबल को उपचार के लिए जीएमईआरएस सोला सिविल हॉस्पिटल ले जाया गया।
आरोपी को दाएं पैर में बंधी पट्टी के साथ अस्पताल ले जाया गया। फायरिंग की घटना के बाद जेसीपी और डीसीपी भी अस्पताल पहुंचे। वहीं, पुलिस ने आरोपी धर्म सिंह के खिलाफ बोडकदेव पुलिस स्टेशन में हिरासत में भागने और रिवॉल्वर छीनने के आरोप में मामला भी दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान अब यह समझने की कोशिश की जाएगी कि आखिर झड़प और पुलिस की कार्रवाई की मूल स्थिति कैसी रही।
यह घटना आरोपी धर्म सिंह को गिरफ्तार करने के बाद हुई। आनंदनगर पुलिस स्टेशन टीम की तरफ से तलाशी अभियान के बाद ही आरोपी को गिरफ्तार किया गया था। इस तलाशी अभियान में आनंदनगर पुलिस के अलावा लोकल क्राइम ब्रांच और क्राइम ब्रांच से जुड़े लोग भी शामिल थे।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले का रहने वाला है। आरोपी ने हाल ही में इस घटना से पहले ही रेसिडेंटल कॉम्पलेक्स में बतौर सिक्योरिटी गार्ड नौकरी भी ज्वाइन की थी।
जेसीपी नीरज बडगूजर के मुताबिक, आरोपी ने छात्रा की गर्दन पर तार बांध दिया था, ताकि उसे बेहोश किया जा सके। आरोपी ने उसका यौन शोषण किया और उसका मोबाइल लेकर भाग गया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी को शिकायत के कुछ ही घंटों के बाद ही गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। (IANS)



