
Deoghar News : देवघर जिले के जसीडीह थाना क्षेत्र में मंगलवार की देर रात को पार्किंग एरिया में चाकूबाजी की सनसनीखेज घटना सामने आई है। इस हमले में संथाली निवासी संदर्भ कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल अवस्था में उसे तत्काल देवघर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज जारी है।

घायल संदर्भ कुमार ने बताया कि वह जसीडीह पार्किंग क्षेत्र में मौजूद था। इसी दौरान कुछ अज्ञात लोग वहां पहुंचे और अचानक उस पर चाकू से हमला कर दिया। हमलावरों ने उसके पेट पर वार किया, जिससे चाकू पेट में ही फंस गया। घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। दर्द से तड़प रहे युवक ने किसी तरह खुद ही पेट में फंसा चाकू बाहर निकाला।

घटना के बाद आसपास मौजूद स्थानीय लोगों और परिजनों ने घायल युवक को तुरंत देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार युवक के पेट में गहरा जख्म हुआ है और उसकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पार्किंग क्षेत्र में वर्चस्व और आपसी रंजिश को लेकर यह हमला हुआ है।
बताया जा रहा है कि पार्किंग संचालन को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। हालांकि पुलिस ने अब तक किसी भी कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई।
पुलिस अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर घायल युवक से पूछताछ की तथा आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटाई। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।


