Deoghar News : देवघर-सारठ मुख्य मार्ग (एनएच-114ए) पर सारवां थाना क्षेत्र के मणिगढ़ी मध्य विद्यालय के समीप भीषण सड़क हादसा हो गया। जियाखाड़ा और मणिगढ़ी के बीच एक अनियंत्रित कार सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई।

इस हादसे में कार सवार एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक छोटी बच्ची और एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए।

मिली जानकारी के अनुसार, कार में प्रीतम पांजा (पिता संभूल पांजा), निवासी घुघली, थाना आरामबाग, जिला हुगली (पश्चिम बंगाल) अपनी पत्नी और एक छोटी बच्ची के साथ सवार थे। इसी दौरान देवघर-सारठ मुख्य मार्ग पर मणिगढ़ी के समीप कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार सवार महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे में प्रीतम पांजा और एक छोटी बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में एक महिला की मौत से परिजनों में मातम पसर गया। घटना के कारणों की विस्तृत जानकारी फिलहाल नहीं मिल पाई है।



